Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

जालंधर में टीचर्स की चेतावनी-आंदोलन को तैयार रहे सरकार:IEAT स्पेशल बीएड-टैट पास यूनियन की बैठक; बोले-मांगें न मानीं तो चुनाव में जवाब देंगे

INT News12 October 2026 at 05:49 pm

जालंधर में बैठक कर नाराज विशेष अध्यापकों ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। टीचर्स ने आरोप लगाया कि सरकार ने उनको आश्वासन दिए लेकिन अब मांगें मानने से मुकर रही है। उनकी बात न सुनी तो चुनाव में इसका जवाब दिया जाएगा। IEAT स्पेशल बीएड और टैट पास एजुकेशन यूनियन पंजाब ने जालंधर में बैठक कर पंजाब सरकार की वादाखिलाफी पर रोष जताया। प्रांतीय अध्यक्ष राकेश कुमार जालंधर और यूनियन प्रधान परमजीत कौर ने चेतावनी दी कि यदि अध्यापकों की जायज मांगों का जल्द समाधान न किया गया, तो सरकार को उग्र आंदोलन का सामना करना पड़ेगा। यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष ने बताया कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को शिक्षा देने वाले अध्यापक लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार ठोस निर्णय लेने के बजाय बैठकों के झूठे आश्वासन देकर मामला लटका रही है। विरोध दर्ज कराने के लिए अध्यापक प्रदेश भर के विधायकों और डिप्टी कमिश्नरों (डीसी) को अपने खून से लिखे मांग पत्र सौंपेंगे।

यूनियन ने ऐलान किया है कि सरकारी कार्यक्रमों के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनके कैबिनेट मंत्रियों का गांवों में घेराव किया जाएगा। इसके अलावा, आगामी विधानसभा सत्र के दौरान भी मुख्यमंत्री का पुरजोर विरोध किया जाएगा। मांगें पूरी न होने पर आंदोलन और तेज करने की चेतावनी

यूनियन नेताओं ने स्पष्ट किया कि अब वे केवल खोखले आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होंगे, बल्कि उन्हें ठोस लिखित फैसले चाहिए। यूनियन प्रतिनिधि गोगी ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द कोई रास्ता नहीं निकाला, तो आने वाले दिनों में यह संघर्ष और उग्र होगा, जिसका सीधा राजनीतिक असर सरकार पर पड़ सकता है। इस मौके पर सूबा कमेटी सदस्य जोगिंदर सिंह, जिला अध्यक्ष परमजीत कौर और रमन जालंधर समेत कई शिक्षक मौजूद रहे।