समाचार · मध्य प्रदेश
अनूपपुर में 20 अक्टूबर तक भारी वाहनों पर रोक:नवरात्रि-दशहरे पर सुबह 6 से रात 12 बजे तक नहीं होगी एंट्री; मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे
अनूपपुर जिला मुख्यालय और कोतमा के मुख्य मार्गों पर 15 से 20 अक्टूबर तक भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। अपर कलेक्टर बलवीर रमन ने यह आदेश जारी किया है। इस दौरान रोज सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक प्रतिबंध लागू रहेगा। नवरात्रि और दशहरा पर भीड़ व यातायात के दबाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। शांति व्यवस्था के लिए मजिस्ट्रेट तैनात कलेक्टर रत्नाकर झा ने पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्यपालिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। उन्हें दुर्गा प्रतिमाओं और समारोह स्थलों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। अनूपपुर में तहसीलदार वेद प्रकाश सिंह, चचाई में नायब तहसीलदार ज्ञानदास पनिका और फुनगा चौकी क्षेत्र में नायब तहसीलदार कौशलेन्द्र शंकर मिश्रा को जिम्मेदारी दी गई है। इन थाना क्षेत्रों में भी अधिकारियों की नियुक्ति भालूमाड़ा में नायब तहसीलदार मंगलदास चक्रवर्ती, जैतहरी में तहसीलदार चंद्रशेखर मिश्रा और वेंकटनगर में नायब तहसीलदार राजेंद्र दास पनिका को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट बनाया गया है। कोतमा में तहसीलदार दशरथ सिंह और नायब तहसीलदार गुरुदास प्रसाद मेहरा, बिजुरी में नायब तहसीलदार लवतेन्द्र सिंह और रामनगर में नायब तहसीलदार संतोष चौधरी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजेंद्रग्राम में तहसीलदार ईश्वर प्रधान और नायब तहसीलदार विशाल रत्नम, अमरकंटक में नायब तहसीलदार विनोद सिंह बरगाही तथा करनपठार में नायब तहसीलदार सोहनलाल कोल और रमाकांत तिवारी को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। विसर्जन और सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश संबंधित नगरीय क्षेत्रों में मुख्य नगर पालिका अधिकारियों और ग्रामीण क्षेत्रों में जनपद पंचायतों के सीईओ को सहयोगी अधिकारी बनाया गया है। अधिकारियों को दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन तय कुंडों और स्थलों पर कराने, विसर्जन स्थलों पर राजस्व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित अनुविभागीय दंडाधिकारी अपने-अपने अनुभाग में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नोडल अधिकारी होंगे।