समाचार · मध्य प्रदेश
नर्मदापुरम में स्कूली बच्चों से भरा ऑटो पलटा:मवेशी को बचाने में हुआ हादसा, टीचर समेत 5 घायल; शिक्षक की हालत गंभीर
नर्मदापुरम में इटारसी रोड पर पोदार स्कूल के सामने सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों से भरा ऑटो बाइक और मवेशी से टकराकर पलट गया। हादसे में टीचर समेत 5 लोग घायल हो गए। टीचर की हालत नाजुक बनी हुई है। वह अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड में भर्ती हैं। घायल शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल रोहना के विद्यार्थी और टीचर हैं। स्कूल के प्रिंसिपल जयराम उइके ने बताया कि सोमवार को कक्षा 10वीं के 15 विद्यार्थियों को वोकेशनल टूर के लिए संदीपनी सीएम राइज स्कूल पवारखेड़ा ले जाया जा रहा था। दो ऑटो में 6-7 विद्यार्थी और दो बाइक पर दो विद्यार्थी बैठे थे। ऑटो में टीचर भी साथ थे। तभी यह हादसा हुआ। मवेशी को बचाने में हुआ हादसा ऑटो ड्राइवर का कहना है कि पोदार स्कूल के पास रोड पर अचानक एक मवेशी सामने आ गया। उसे बचाने के चक्कर में ऑटो का संतुलन बिगड़ा और वह पलट गया। उसी दौरान सामने से आ रहा बाइक चालक भी ऑटो से टकरा गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने रुककर विद्यार्थियों, ड्राइवर और टीचर को बाहर निकाला। सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। बाद में निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। एक टीचर गंभीर, भोपाल रेफर की तैयारी पुलिस के मुताबिक, हादसे में टीचर सुनील मेहरा, छात्र दीपक यादव, हिमांशु यादव और ऑटो ड्राइवर, बाइक चालक घायल हुए हैं। आईटीआई के टीचर सुनील मेहरा की हालत गंभीर है। डॉक्टर ने उन्हें भोपाल रेफर करने की बात कही है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी लक्ष्मी नारायण प्रजापति से संपर्क करने का प्रयास किया गया। लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।