Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

या तो प्रेमी से कराओ शादी, वरना कूद जाऊंगी...गोरखपुर में 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी युवती, 3 घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा

INT News12 October 2026 at 02:04 pm

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में प्यार और शादी की जिद से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां घरवालों की ओर से दूसरी जगह शादी तय किए जाने से नाराज एक छात्रा ने करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई. वह अपने बॉयफ्रेंड से शादी कराने की मांग करने लगी और नीचे उतरने से इनकार कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे. करीब तीन घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और परिवार की समझाइश पर छात्रा नीचे उतरी.

सुबह-सुबह मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई छात्रा

यह मामला गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र के मंगलपुर गांव का है. जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 5 बजे बगल के गांव की रहने वाली 19 वर्षीय छात्रा एयरटेल कंपनी के मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई. बताया जा रहा है कि वह इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रही है. सुबह टहलने निकले लोगों ने जब उसे ऊंचे टॉवर पर देखा, तो इलाके में हड़कंप मच गया. लोगों ने उसे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही.

बॉयफ्रेंड से शादी करना चाहती थी छात्रा

टॉवर पर चढ़ी छात्रा का कहना था कि उसके घरवाले उसकी शादी कहीं और तय कर रहे हैं, जबकि वह बगल के गांव में रहने वाले युवक से प्यार करती है और उसी से शादी करना चाहती है. अपनी बात मनवाने के लिए उसने टॉवर से नीचे उतरने से इनकार कर दिया. साथ ही धमकी दी कि अगर उसे प्रेमी से दूर किया गया, तो वह टॉवर से कूदकर अपनी जान दे देगी.

पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे

छात्रा को टॉवर पर चढ़ा देखकर किसी ने गुलरिहा थाने की पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही पुलिस टीम और छात्रा के परिजन मौके पर पहुंच गए. इसके बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश शुरू हुई. पुलिस और परिवार के लोगों ने करीब दो घंटे तक उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन छात्रा बार-बार अपने बॉयफ्रेंड से शादी कराने की मांग करती रही.

शादी का भरोसा मिलने के बाद नीचे उतरी छात्रा

छात्रा अपनी मांग पर अड़ी हुई थी. वह लगातार कह रही थी कि अगर उसकी शादी प्रेमी से नहीं हुई, तो वह टॉवर से कूद जाएगी. ऐसे में पुलिस ने उसे नीचे आने के लिए समझाया और उसकी शादी बॉयफ्रेंड से कराने का भरोसा दिया. परिवार वालों ने भी उसकी बात पर सहमति जताई. इसके बाद करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद छात्रा टॉवर से नीचे उतर आई. इससे मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली.

दूसरी जगह शादी तय होने से नाराज थी छात्रा

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि छात्रा का बगल के गांव के एक युवक से लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा है. जब इसकी जानकारी परिवार वालों को हुई, तो उन्होंने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी. इसी बात से नाराज होकर छात्रा ने यह कदम उठाया. पुलिस की समझाइश से एक बड़ा हादसा टल गया.

Also Read: यूपी में संस्कृत के छात्रों को तोहफा, 23 अक्टूबर को मिलेगी छात्रवृत्ति, जानें किसे मिलेगी कितनी रकम