समाचार · झारखंड
SIR में गड़बड़ियों पर CBCI ने जतायी चिंता, कहा- वोट का अधिकार छिनना ‘न्यू नॉर्मल’ नहीं बने

रांची: झारखंड सहित देशभर में कई संगठन और राजनीतिक दल विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर विरोध जता रहे हैं. इस बीच कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ्रेंस ऑफ इंडिया (सीबीसीआइ) ने भी इस पर चिंता जतायी है. सीबीसीआइ ने कहा है कि देशभर में चल रही एसआइआर प्रक्रिया में गड़बड़ियों की खबरें चिंताजनक हैं. किसी भी योग्य मतदाता को मतदान के अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए.
मतदाता सूची की प्रक्रिया पारदर्शी बनाने की मांग
सीबीसीआइ ने चुनाव आयोग से एसआइआर प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संचालित करने की मांग की है. संगठन ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में बना रहे और कोई भी योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न हो.
ये भी पढ़ें: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो घायल
वोट का अधिकार छिनना ‘न्यू नॉर्मल’ नहीं बने
सीबीसीआइ ने कहा कि मताधिकार छिनना कभी भी ‘न्यू नॉर्मल’ यानी नई सामान्य बात नहीं बननी चाहिए. इस तरह का कोई भी चलन देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है. संगठन के अनुसार, स्वस्थ लोकतंत्र के लिए चुनावी संस्थाओं में जनता का भरोसा बेहद जरूरी है.
चुनाव आयोग से जनता का भरोसा बनाए रखने की अपील
सीबीसीआइ ने चुनाव आयोग से अपील की है कि वह चुनावी प्रक्रिया में लोगों का विश्वास बनाए रखे. इसके लिए हर योग्य नागरिक की आवाज और मताधिकार सुरक्षित रखना जरूरी है. साथ ही, चुनावी प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिससे किसी भी तरह के भेदभाव या पक्षपात की आशंका न रहे.
ये भी पढ़ें: दोस्तों के साथ मना रहा था जन्मदिन, तभी चापड़ लेकर पहुंचा युवक और कर दिया हमला!
शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के साथ एकजुटता जतायी
सीबीसीआइ ने अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण विरोध कर रहे लोगों के प्रति एकजुटता जतायी है. संगठन ने कहा कि लोकतांत्रिक ढांचे की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना महत्वपूर्ण है. साथ ही, प्रदर्शनकारियों से हिंसा से पूरी तरह दूर रहने और अपने आंदोलनों का शांतिपूर्ण स्वरूप बनाए रखने की अपील की गयी है.