Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:CM मान के OSD को राहत, अस्पताल में ED की रेड, ASI को गोली मारने का एनकाउंटर

INT News12 October 2026 at 05:55 pm

नमस्कार, पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर सीएम के OSD से जुड़ी रही। सुप्रीम कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने कहा कि इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं होगी और जांच जारी रहेगी। इसके साथ ही CBI को नोटिस जारी किया है। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. CM के OSD घुम्मन की गिरफ्तारी पर रोक सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के OSD से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामले में CBI की ओर से दर्ज FIR पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। हालांकि, कोर्ट ने कहा कि इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं होगी और जांच जारी रहेगी। साथ ही, CBI को नोटिस जारी किया है। यह मामला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के उस आदेश से जुड़ा है, जिसमें आरोपों की जांच CBI को सौंपी गई थी। OSD राजबीर सिंह घुम्मन समेत अन्य लोगों पर आरोप है कि वे मुख्यमंत्री कार्यालय में ट्रांसफर-पोस्टिंग और नीतिगत मामलों में दखल देकर कथित भ्रष्टाचार कर रहे थे। CBI ने इस मामले में घुम्मन और अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री के कैंप ऑफिस समेत कई ठिकानों पर तलाशी ली थी। हाईकोर्ट ने एजेंसी को दो महीने के भीतर जांच की स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश भी दिया था। पंजाब सरकार ने इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। (पढ़ें पूरी खबर) 2. LPU हिंसा में सरकार को हाईकोर्ट की फटकार पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हिंसा के मामले की सुनवाई के दौरान पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने सोमवार को पंजाब सरकार की जांच पर सवाल उठाकर फटकार लगाई। मामला दो लड़कियों के यौन शोषण और हत्या का दावा करने वाली सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़ा है। यह पोस्ट शेयर करने वाली 18 साल की छात्रा से पुलिस की पूछताछ को लेकर कोर्ट ने कहा कि जांच में यह स्पष्ट होना चाहिए कि छात्रा ने जानबूझकर संदेश साझा किया था या किसी अन्य व्यक्ति ने उसके मोबाइल का इस्तेमाल कर पोस्ट फैलाई थी। चीफ जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा और जस्टिस रोहित कपूर की डिवीजन बेंच ने कहा कि छात्रा से उचित तरीके से पूछताछ की जानी चाहिए और मामले की जांच गंभीरता से होनी चाहिए। कोर्ट ने यह भी सवाल उठाया कि भ्रामक और गंभीर आरोपों वाले संदेश को किसने तैयार किया और उसे फैलाने के पीछे किसकी भूमिका थी? सुनवाई के दौरान पंजाब सरकार की ओर से बताया गया कि छात्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए मैसेज आगे शेयर किया था, लेकिन उसका कोई आपराधिक इरादा नहीं था। पुलिस की ओर से छात्रा के बयान से संबंधित रिपोर्ट भी सीलबंद लिफाफे में अदालत के सामने पेश की गई। (पढ़ें पूरी खबर) 3. DA केस में हाईकोर्ट का सरकार को नोटिस पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने सरकारी मुलाजिमों के बकाया DA केस के मामले में राज्य सरकार को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस हाईकोर्ट में चीफ सेक्रेटरी केएपी सिन्हा की तरफ से दिए एफिडेविट से जुड़ा है, जिसमें गलत जानकारी देने की बात करते हुए हाईकोर्ट ने आपराधिक अवमानना का केस शुरू किया है। केस चलाने से पहले हाईकोर्ट ने सरकार का जवाब मांगा है। सुनवाई के दौरान चीफ सेक्रेटरी केएपी सिन्हा VC के जरिए पेश हुए। जस्टिस विनोद भारद्वाज ने उनसे सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका (SLP) के बारे में पूछा। इस पर सिन्हा ने कहा कि उन्हें संबंधित एडवोकेट से पूछना पड़ेगा, उसके बाद पिटीशन की स्थिति को लेकर वह एफिडेविट दाखिल करेंगे। सिन्हा ने उनके खिलाफ आपराधिक मानहानि की कार्रवाई पर जवाब के लिए भी समय मांगा। मुलाजिमों की तरफ से पेश एडवोकेट चेतन मित्तल ने कहा कि करीब 8 लाख मुलाजिम और पेंशनर बकाया DA मिलने का इंतजार कर रहे हैं। कोर्ट ने कहा कि सरकार 30 अक्टूबर या उससे पहले जवाब दाखिल करे। इसके साथ ही कोर्ट ने सीनियर एडवोकेट आरएस चीमा को एमिकस क्यूरी नियुक्त कर दिया है। जो इस मामले में तकनीकी तौर पर हाईकोर्ट की मदद करेंगे। अब इस मामले में अगली सुनवाई 30 अक्टूबर को होगी। पिछली सुनवाई में चीफ जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा की बेंच ने मामले को नियमित अवमानना से आपराधिक अवमानना के दायरे में कर दिया था। (पढ़ें पूरी खबर) 4. ASI को गोली मारने वाले आरोपी का एनकाउंटर अमृतसर के अजनाला में GRP के ASI को गोली मारने वाले का सोमवार को पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को वारदात वाली जगह लेकर जा रहे थे, इसी दौरान आरोपी ने पुलिस की राइफल छीनकर गोली चलाने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी को गोली मार दी, जिससे वह घायल हुआ। उसे अजनाला के सिविल अस्पताल ले जाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, अजनाला में GRP में तैनात ASI सुखचैन सिंह को गोली मारने के आरोप में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक आरोपी को सोमवार दोपहर को पुलिस वारदात वाली जगह पर लेकर जा रही थी, ताकि सीन रिक्रिएट किया जा सके। (पढ़ें पूरी खबर) 5. पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा को ED का समन प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कथित फर्जी फोरेंसिक रिपोर्ट मामले में लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा को समन जारी किया है। उन्हें 19 अक्टूबर 2026 को चंडीगढ़ स्थित ED कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से पेश होने के निर्देश दिए गए हैं। मामला पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कथित विवादित वायरल वीडियो की फोरेंसिक और साइबर जांच रिपोर्ट तैयार करने में कथित गड़बड़ी से जुड़ा है। पंजाब पुलिस की ओर से तैयार करवाई गई रिपोर्ट में वायरल वीडियो को AI जनरेटेड बताया गया था। गुरुग्राम पुलिस इस मामले में पहले ही 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जानकारी के मुताबिक, आरोप है कि स्वप्न शर्मा ने गुरुग्राम में कुछ विशेषज्ञों से मुलाकात की थी, ताकि CM भगवंत मान के कथित वायरल वीडियो को AI जनरेटेड बताने वाली फोरेंसिक और साइबर विश्लेषण रिपोर्ट तैयार कराई जा सके। हालांकि, यह आरोप हैं और मामले में संबंधित पक्षों का जवाब सामने आना बाकी है। (पढ़ें पूरी खबर) 6. पार्क अस्पताल की ब्रांचों पर रेड, मोबाइल जब्त पंजाब में सोमवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने पार्क अस्पताल की सभी ब्रांचों पर एक साथ रेड की। मोहाली, पटियला और बठिंडा में टीम सुबह करीब 9 बजे स्थानीय पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंची और जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान अस्पताल के प्रशासनिक कार्यालयों और दस्तावेजों की जांच की गई। अस्पताल प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों से भी पूछताछ की गई। हालांकि, ED ने अभी तक छापेमारी के कारण और इससे जुड़े मामले को लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। सूत्रों के अनुसार, ED की टीम न कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा है। किसी को भी अस्पताल के न अंदर आने दिया जा रहा और न बाहर आने दिया जा रहा है। इसके साथ ही टीम ने अस्पताल के उच्च अधिकारियों, प्रशासनिक स्टाफ और प्रबंधकों के मोबाइल तुरंत अपने कब्जे में ले लिए हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 7. SIR के बाद 13 लाख वोट कटे, कइयों की मौत पंजाब चुनाव से पहले स्पेशल इंटेसिव रिवीजन (SIR) के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। जिसमें करीब 13 लाख वोटरों के नाम कट गए हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक पंजाब में पहले 2.14 करोड़ वोटर थे, जिसके बाद फाइनल वोटर लिस्ट में करीब 2.01 करोड़ वोटर रह गए हैं। चुनाव आयोग ने CEO पंजाब की वेबसाइट पर फाइनल वोटर सूची पब्लिश कर दी है। लोग www.ceopunjab.gov.in पर क्लिक कर अपना नाम चेक कर सकते हैं। यहां Final Roll 2026 के नाम से वोटर लिस्ट में नाम चेक करने की ऑप्शन दी गई है। आयोग के मुताबिक करीब 7 लाख वोटर पंजाब से शिफ्ट हो चुके हैं। इसका मतलब ये कि उन्होंने दूसरे राज्यों में अपनी वोट बनवा ली है। वहीं करीब 4 लाख वोटरों को मृत बताया गया है। जांच में एक लाख से ज्यादा वोटरों की डुप्लीकेट वोट मिली है। (पढ़ें पूरी खबर) 8. संदिग्ध ड्रोन ने 2 फ्लाइटें डायवर्ट कराईं, यात्रियों का हंगामा अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास रविवार देर रात संदिग्ध ड्रोन दिखाई दिए। सुरक्षा के मद्देनजर रनवे ऑपरेशंस रोक दिए गए। इसके चलते अमृतसर आ रही दो उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। दिल्ली से आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-855 को वापस दिल्ली भेजा गया, जबकि मुंबई से आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-5028 को चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया। अचानक से टिकट कैंसिल होने पर कई यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए। उन्होंने हंगामा करते हुए कहा कि कोई भी अधिकारी बात करने को तैयार नहीं है। हालांकि रात करीब 10:30 बजे के बाद स्थिति सामान्य हो गई। (पढ़ें पूरी खबर) 9. निगम में पार्षदों का हंगामा, एक का कुर्ता फटा लुधियाना नगर निगम के जनरल हाउस की बैठक में सोमवार को विपक्षी पार्षदों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान मेयर ने पार्षदों का माइक बंद करवा दिया। मेयर ने हंगामा करने वाले पार्षदों को बाहर करने के आदेश दिए हैं। हालांकि पुलिस ने मेयर के आदेश के बावजूद पार्षदों को बाहर नहीं किया। हंगामे के दौरान एक पार्षद का कुर्ता फट गया। शनिवार को वार्ड नंबर-47 से आम आदमी पार्टी की पार्षद उषा कल्याण के निधन के कारण बैठक स्थगित कर दी गई थी। वह कैंसर से पीड़ित थीं और एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके बेटे की शादी में करीब एक महीना बाकी था। शनिवार को बैठक के लिए गुरु नानक देव भवन में पार्षद जुटे थे। बैठक शुरू होने से पहले ही कांग्रेस पार्षदों ने शहर की सड़कों की मैकेनिकल स्वीपिंग के लिए प्रस्तावित 82 करोड़ रुपए के टेंडर के खिलाफ प्रदर्शन किया था। (पढ़ें पूरी खबर)व खबर जरा हटके… 10. हलका इंचार्ज से नाराज होकर छोड़ी SAD, उनके जाते ही लौटे मानसा जिले के बुढलाडा विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक फेरबदल देखने को मिला। बलविंदर सिंह पटवारी ने भारतीय जनता पार्टी को अलविदा कहकर शिरोमणि अकाली दल में वापसी कर ली है। उन्होंने भाजपा के जिला अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंपने के बाद अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। बुढलाडा विधानसभा क्षेत्र अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के लिए आरक्षित है। पटवारी अकाली दल के पुराने और अनुभवी नेता रहे हैं। वह बुढलाडा से पार्टी के प्रबल दावेदार माने जाते थे। हालांकि, जब सुखबीर सिंह बादल ने डॉ. निशान सिंह को बुढलाडा का हलका इंचार्ज नियुक्त किया था, तो पटवारी ने नाराजगी जताते हुए अकाली दल छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। हाल ही में डॉ. निशान सिंह ने निजी कारणों का हवाला देते हुए अकाली दल के सभी पदों से अचानक इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के बाद पटवारी ने फिर से अपनी पुरानी पार्टी में लौटने का फैसला लिया। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)