समाचार · मध्य प्रदेश
निवाड़ी में अवैध पटाखा फैक्ट्री पकड़ी, 1950 किलो विस्फोटक जब्त:दो आरोपी गिरफ्तार, खेत में तिरपाल लगाकर बन रहे थे पटाखे
त्योहारों से पहले निवाड़ी पुलिस ने अवैध पटाखा फैक्ट्री पर कार्रवाई की है। टेहरका थाना पुलिस ने उरदौरा गांव में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री पकड़ी। यहां से करीब 1950 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री जब्त की गई और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया के निर्देश पर यह कार्रवाई हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि उरदौरा गांव में अजय रजक अवैध रूप से पटाखे बना और जमा कर रहा है।
सूचना के आधार पर टेहरका थाना प्रभारी, तहसीलदार वंदना सिंह और पटवारी मौके पर पहुंचे। जांच में खेत में तिरपाल लगाकर पटाखे बनते मिले। पास के गोदाम में भी पटाखे रखे थे। लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन
पुलिस के अनुसार, पटाखों का निर्माण लाइसेंस में निर्धारित भूमि पर करने के बजाय दूसरी जमीन पर किया जा रहा था। इसके साथ ही लाइसेंस में तय नियमों और क्षमता से अधिक मात्रा में पटाखों का निर्माण एवं भंडारण किए जाने की बात सामने आई। प्रारंभिक जांच में इसे लाइसेंस की शर्तों का स्पष्ट उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की गई। इनको किया गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में अजय रजक पिता रामगोपाल रजक, और रामगोपाल रजक, निवासी ग्राम उरदौरा को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की जांच और वैधानिक प्रक्रिया जारी है। इस पूरी कार्रवाई में टेहरका थाना प्रभारी उपनिरीक्षक मीनेष सिंह भदौरिया, तरिचर कला चौकी के उपनिरीक्षक संदीप यादव, तहसीलदार वंदना सिंह, संबंधित हल्का पटवारी, प्रधान आरक्षक वसीउल्लाह खान, आरक्षक अंकित समाधिया, आरक्षक विवेक पुरी, आरक्षक दशरथ और आरक्षक योगेन्द्र सहित टेहरका थाना पुलिस बल की सराहनीय भूमिका रही।