Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

Mixed Gender Cricket : झारखंड के इस गांव में एक टीम से खेले लड़के-लड़कियां, यहां जानें पहले क्वालीफायर में किसने मारी बाजी

INT News24 October 2026 at 07:54 pm

जमशेदपुर : गांव के क्रिकेट मैदान पर जब लड़के और लड़कियां एक ही टीम में उतरे, तो मुकाबला सिर्फ रनों और विकेटों का नहीं, बल्कि बराबरी के हक का भी हो गया. पटमदा-बोड़ाम के ग्रामीण इलाकों में बालक-बालिका समानता का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से पटमदा-बोड़ाम प्रीमियर लीग (पीबीपीएल) सीजन-2 के दौरान अंडर-16 मिक्स जेंडर क्रिकेट फाइनल का आयोजन किया जाना है. 2 से 6 नवंबर तक बोड़ाम में होने वाले इस टूर्नामेंट में पुरुष वर्ग की 10 टीमें हिस्सा ले रही है. 6 नवंबर को पीबीपीएल के फाइनल से पहले लड़के और लड़कियों की संयुक्त टीमों के बीच मिक्सड जेंडर क्रिकेट का फाइनल मुकाबला होना है.

पहले क्वालीफायर में जयपाल मुंडा एकादश की जीत

पीबीपीएल मिक्सड जेंडर क्रिकेट फाइनल के लिए पहला क्वालीफायर मुकाबला शनिवार को बोड़ाम के दिघी भुला प्लस-2 उच्च विद्यालय मैदान पर ओलंपियन जयपाल मुंडा एकादश और पर्वतारोही विनीता सोरेन एकादश के बीच खेला गया. विनीता सोरेन एकादश ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए जयपाल मुंडा एकादश ने निर्धारित 7 ओवर में 2 विकेट पर 81 रन बनाये. टीम को दीपिका महतो और विकास महतो की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलायी. दोनों ने शुरुआती चार ओवर में ही 47 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी पर्वतारोही विनीता सोरेन एकादश निर्धारित ओवर में 2 विकेट पर 72 रन ही बना सकी. इस तरह जयपाल मुंडा एकादश ने मुकाबला 10 रन से जीत लिया. विकास महतो को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. उन्होंने 10 चौकों की मदद से मात्र 26 गेंदों पर 59 रन बनाये और एक विकेट भी लिया. अब जयपाल मुंडा एकादश 6 नवंबर को दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम के खिलाफ मिक्सड जेंडर क्रिकेट का फाइनल खेलेगी.

31 अक्तूबर को पटमदा में दूसरा क्वालीफायर

दूसरा क्वालीफायर मुकाबला 31 अक्तूबर की सुबह पटमदा स्थित एसएस प्लस-2 उच्च विद्यालय मैदान पर खेला जाएगा. इसमें धनुर्धर दीपिका कुमारी एकादश और कैप्टेन सलीमा टेटे एकादश आमने-सामने होंगी. धनुर्धर दीपिका कुमारी एकादश मिक्सड जेंडर विलेज क्रिकेट लीग 2025-26 की चैंपियन भी है. इस मुकाबले की विजेता टीम 6 नवंबर को फाइनल में जयपाल मुंडा एकादश से भिड़ेगी. मैच के दौरान निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार, बोड़ाम क्रिकेट कमेटी के वृंदावन महतो, सोमाय लोहार समेत अन्य लोग उपस्थित थे.

खेल के जरिये बदलेगी सोच

मिक्सड जेंडर क्रिकेट का मकसद केवल बच्चों को खेल का मंच देना नहीं, बल्कि गांवों में समानता की सोच को मजबूत करना भी है. इस पहल के जरिये बच्चों को यह समझाने का प्रयास किया जा रहा है कि खेल हो या समाज, लड़के और लड़कियां साथ मिलकर आगे बढ़ सकते हैं. आयोजकों की उम्मीद है कि क्रिकेट के मैदान पर एक साथ खेलने का अनुभव बच्चों में आपसी सहयोग, नेतृत्व और बराबरी की भावना को मजबूत करेगा.