समाचार · बिहार
पटना में KYC सेंटर संचालकों का प्रदर्शन, नियोजन भवन के बाहर जमकर लगाए नारे, पुलिस ने भगाया

Patna KYP Operators Protest : पटना में KYC सेंटर संचालकों ने अपनी मांगों को लेकर नियोजन भवन के बाहर जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं. बड़ी संख्या में पहुंचे संचालकों ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारे लगाए और मौजूदा सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए.
इनकम टैक्स से प्रदर्शनकारियों को हटा रही पुलिस
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार में लोगों की बातें सुनी जाती थीं, जबकि अब उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है. उन्होंने सम्राट चौधरी सरकार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि परेशानी सिर्फ KYC सेंटर संचालकों को नहीं, बल्कि अन्य लोगों को भी हो रही है. प्रदर्शन के दौरान पटना पुलिस ने इनकम टैक्स चौराहे पर जुटे प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया जा रहा है.
क्या है प्रमुख मांग
दरअसल, बिहार के विभिन्न जिलों से आए कुशल युवा कार्यक्रम (KYP) के संचालकों ने सोमवार को पटना स्थित नियोजन भवन के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारी पुराने स्वरूप में KYP केंद्रों को दोबारा चालू करने की मांग कर रहे हैं. इस दौरान संचालकों ने नियोजन भवन का गेट खोलने का प्रयास किया और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की. मौके पर पुलिस भी पहुंची.
1731 KYP केंद्रों को पुराने स्वरूप में चालू करने की मांग
प्रदर्शन कर रहे KYP संचालकों का कहना है कि बिहार में पहले से संचालित 1731 केंद्रों को पुराने मॉडल के तहत ही दोबारा चालू किया जाए. उनका आरोप है कि नए आदेश के जरिए उन पर नई व्यवस्था थोपी जा रही है. संचालकों ने इस व्यवस्था का विरोध करते हुए कहा कि उनकी मांग केवल अपने केंद्रों को चालू कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि बिहार के युवाओं को प्रशिक्षण उपलब्ध कराने से भी जुड़ी है.
तीन दिनों से धरने पर बैठे हैं संचालक
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, वे पिछले तीन दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं. इससे पहले वे भाजपा कार्यालय और जदयू कार्यालय के बाहर भी विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं. संचालकों का आरोप है कि संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से बातचीत की कोशिश की गई, लेकिन उन्हें अब तक ठोस समाधान नहीं मिला.
बैठक में सहमति के बाद भी केंद्र बंद रखने का आरोप
KYP संचालकों ने दावा किया कि दो तारीख को हुई बैठक में 1731 केंद्रों को फिर से चालू करने पर सहमति बनी थी. हालांकि, उनके मुताबिक बाद में इस आश्वासन पर अमल नहीं किया गया. प्रदर्शनकारियों ने नई निविदा प्रक्रिया और कार्यक्रम के नए मॉडल पर भी सवाल उठाए हैं. इन आरोपों पर संबंधित विभाग का पक्ष सामने आना बाकी है.
तीन लाख बच्चों के प्रशिक्षण पर असर पड़ने का दावा
प्रदर्शन कर रहे संचालकों का कहना है कि KYP के माध्यम से युवाओं को कंप्यूटर, भाषा और सॉफ्ट स्किल का प्रशिक्षण दिया जाता था. उनका दावा है कि करीब तीन लाख बच्चे प्रशिक्षण शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं. संचालकों ने कहा कि केंद्रों के बंद रहने से खासकर गरीब परिवारों के युवाओं के प्रशिक्षण और भविष्य पर असर पड़ सकता है. हालांकि, बच्चों की संख्या और प्रशिक्षण की मौजूदा स्थिति की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
नियोजन भवन के बाहर पुलिस पहुंची
नियोजन भवन के बाहर प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण नजर आया. संचालक अपनी मांगें पूरी होने तक धरना जारी रखने की बात कह रहे हैं. स्थिति को देखते हुए कोतवाली थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची. प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक पुराने स्वरूप में KYP केंद्रों को चालू करने के संबंध में ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.
Also Read : पटना में बख्यियारपुर-दीदारगंज सहित 11 थानों के 72 पुलिसकर्मियों का वेतन रुका, जानिए एसपी ने क्यों लिया एक्शन