Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

तालाब से चुराई मोटर मिली, गांव के ही निकले चोर:धार में पुलिस ने 3 युवकों को पकड़ा, 20 हजार की मोटर ले गए थे

INT News24 October 2026 at 07:50 pm

धार जिले के आमखेड़ा गांव में खेत के तालाब से पानी की पनडुब्बी मोटर चोरी होने का मामला सामने आया था, जिसे नौगांव थाना पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने शनिवार को तीन युवकों को पकड़ा है। इनके पास से लूबी कंपनी की 7.5 हॉर्स पावर की मोटर मिली है। जिसकी कीमत करीब 20 हजार है। यह चोरी 17 अक्टूबर को हुई थी और पुलिस तभी से चोरों की तलाश में लगी हुई थी। जानकारी के मुताबिक, लकी चौराहा खेड़ापति मार्ग के रहने वाले देवराम प्रजापति ने थाने पहुंचकर मोटर चोरी होने की बात बताई थी। उन्होंने बताया था कि आमखेड़ा गांव वाले खेत में बने तालाब से कोई रात में मोटर चुरा ले गया है। किसान की शिकायत पर नौगांव पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। गांव के ही निकले तीनों चोर पुलिस ने जब गांव में छानबीन और सुरागकशी की, तो शनिवार को आमखेड़ा के ही तीन लड़कों पर शक गया। पुलिस ने जब उन्हें हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उन्होंने चोरी की बात स्वीकार कर ली। पकड़े गए आरोपियों में 40 साल का कालू भाभर, 18 साल का कृष्णा निनामा और 18 साल का सुमित डामर शामिल हैं। तीनों आमखेड़ा के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने उनसे चोरी की मोटर जब्त कर ली है और अब उन्हें रिमांड पर लेकर यह पता लगा रही है कि क्या उन्होंने इलाके में और भी कहीं चोरियां की हैं।