national
MP के आलीराजपुर में दर्दनाक हादसा, अवैध रेत खुदाई के गड्ढे में डूबे 3 मासूम; गांव वालों ने किया चक्काजाम

मध्यप्रदेश के आलीराजपुर में एक दुखद घटना हुई है. अवैध रेत उत्खनन के लिए कथित तौर पर खोदे गए एक गड्ढे में 3 मासूम बच्चों की जान चली गई. बारिश के पानी से भरे इस गड्ढे में डूबने से सात से 10 वर्ष की उम्र के लवकुश, यशराज और राजवीर की मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है.
साइकिल लेकर निकले थे बच्चे, मौत बन गया गड्ढा
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, हादसा रविवार दोपहर आलीराजपुर कस्बे के तीखी इमली क्षेत्र में हुआ. तीनों बच्चे साइकिल लेकर घूमने निकले थे. खेलते-खेलते वे बारिश के पानी से भरे एक गहरे गड्ढे तक पहुंच गए. गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण तीनों बच्चे उसमें डूब गए. हादसे में उनकी जान चली गई. घटना की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
सरकारी जमीन पर खुदाई का आरोप, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिंटू जमरा ने सरकारी जमीन पर गड्ढा खोदा था. आरोप है कि रेत निकालने के लिए की गई खुदाई के बाद गड्ढे को न तो ढका गया और न ही उसके आसपास सुरक्षा के इंतजाम किए गए. पुलिस ने इसे लापरवाही का मामला मानते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.
3 बच्चों की मौत पर भड़का गुस्सा, सड़क पर चक्काजाम
हादसे से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क पर चक्काजाम कर दिया. इस दौरान सरकारी अधिकारियों के साथ प्रदर्शनकारियों की तीखी बहस भी हुई. लोगों में बच्चों की मौत को लेकर भारी आक्रोश देखा गया.
प्रशासन ने दिया जांच का भरोसा
सूचना मिलने पर जिलाधिकारी नीतू माथुर और पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाया और मामले की जांच का आश्वासन दिया. इसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ और सड़क पर यातायात बहाल हो सका. पुलिस का कहना है कि घटना की विस्तृत जांच जारी है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली हाईकोर्ट के लॉन में वकीलों ने पढ़ी संविधान की प्रस्तावना, पुलिस कार्रवाई के खिलाफ जताया विरोध