समाचार · मध्य प्रदेश
रीवा आईजी ने मैहर नवरात्र मेले की सुरक्षा जांची:मां शारदा के दर्शन किए; एसपी से बोले- पिछले साल से बेहतर हैं इंतजाम
रीवा जोन के आईजी गौरव राजपूत और डीआईजी हेमंत सिंह चौहान सोमवार शाम मैहर पहुंचे। उन्होंने मां शारदा देवी धाम में नवरात्र मेले की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाएं देखीं। निरीक्षण के बाद आईजी ने कहा कि इस बार पिछले साल के मुकाबले व्यवस्थाएं बेहतर हैं। मां शारदा के दर्शन कर सुरक्षा व्यवस्था देखी दोनों अधिकारियों ने त्रिकूट पर्वत पर स्थित मां शारदा के दरबार में दर्शन किए। इसके बाद मेला परिसर में पुलिस व्यवस्था का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़ी जानकारी ली। इस दौरान मैहर एसपी अवधेश प्रताप सिंह, एडिशनल एसपी डॉ. चंचल नागर और सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। आईजी ने एसपी की सराहना की निरीक्षण के बाद आईजी गौरव राजपूत ने मीडिया से चर्चा की। उन्होंने बताया कि नवरात्र मेले में आने वाली भीड़ को देखते हुए एसपी के साथ विस्तार से चर्चा की गई है। उन्होंने मैहर एसपी अवधेश प्रताप सिंह की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन भी पुलिस के साथ मिलकर काम कर रहा है। आईजी ने पुलिसकर्मियों को पूरी सजगता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।