समाचार · झारखंड
घर बैठे करनी है बंपर कमाई? इस योजना के तहत 90% तक सब्सिडी दे रही झारखंड सरकार, ऐसे उठाएं लाभ

रांची : यदि आप घर बैठे पशुपालन के जरिए अपनी आमदनी बढ़ाना चाहते हैं या अपने खुद के काम की शुरुआत कर अच्छा पैसा कमाना चाहते हैं तो झारखंड सरकार की 'मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना' आपके लिए बेहतरीन साबित हो सकता है. दरअसल इस स्कीम का फायदा ये है कि राज्य सरकार ग्रामीणों को आर्थिक तंगी मुक्त करने और दूध, मांस व अंडे के उत्पादन में झारखंड को आत्मनिर्भर बनाने के लिए इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत 75% से लेकर 90% तक की भारी-भरकम सब्सिडी (अनुदान) देती है. इसके माध्यम से राज्य के किसान, ग्रामीण युवा और महिलाएं बेहद कम लागत में अपना खुद का व्यवसाय शुरू कर सकते हैं.
गाय, बकरी, सुअर और मुर्गी पालन पर मिल रहा है बंपर अनुदान
इस योजना के दायरे में कई तरह की पशुपालन गतिविधियों को शामिल किया गया है, जिसमें मुख्य रूप से दो दुधारू गाय या भैंस वितरण योजना, बकरी पालन, सुअर पालन, ब्रॉयलर व लेयर मुर्गी पालन और बत्तख चूजा वितरण शामिल हैं. योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि सामान्य वर्ग के किसानों को जहां 75% तक की सब्सिडी मिलती है, वहीं अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), महिलाओं, विधवाओं और दिव्यांग श्रेणी के लाभुकों को सरकार की ओर से सीधे तौर पर 90% तक का भारी अनुदान दिया जाता है. यानी पात्र लाभार्थियों को कुल लागत का मात्र 10% हिस्सा ही वहन करना पड़ता है. इसके अलावा पशु शेड निर्माण के लिए मनरेगा से अभिसरण और पशुओं के बीमा का भी प्रावधान किया जाता है.
ये भी पढ़ें: IIIT रांची में दूसरे दिन भी बवाल, 50 मीटर की दूरी पर चेयरपर्सन और छात्र आमने-सामने, इस्तीफे पर अड़े विद्यार्थी
आवेदन की प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेज: जानिए कैसे मिलेगा योजना का लाभ
झारखंड के जो भी इच्छुक और योग्य किसान या बेरोजगार युवा इस योजना का लाभ उठाना चाहते हैं, उन्हें अपने प्रखंड कार्यालय या पंचायत सचिवालय में आवेदन करना होगा. आवेदन पत्र के साथ स्थानीय निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की डिटेल, पासपोर्ट साइज फोटो और पशु शेड के लिए भूमि से संबंधित दस्तावेज जमा करने होंगे. आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ग्राम सभा और पंचायत स्तर पर स्वीकृति मिलती है, जिसके बाद जिला स्तरीय समिति द्वारा अंतिम चयन किया जाता है. सरकार की यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं का पलायन रोकने में बेहद कारगर साबित हो रही है.
ये भी पढ़ें: शिलान्यास के बाद भी नहीं बनी सड़क, गिरिडीह में युवाओं ने सुदेश महतो और सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी का रोका काफिला