Friday, 25 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सागर में गणेश विसर्जन चल समारोह आज निकलेगा:लेहदरा नाका घाट पर होगा विसर्जन, सुरक्षा में तैनात रहेगी SDRF की टीम और गोताखोर

INT News25 September 2026 at 07:47 am

सागर में गणेशोत्सव के समापन पर शुक्रवार को शहर में गणेश विसर्जन चल समारोह निकलेगा। सुबह से पूजा-पाठ और हवन के बाद दोपहर से शहर के अलग-अलग इलाकों से गणेश प्रतिमाएं विसर्जन के लिए रवाना होंगी। अखाड़ों और ढोल-नगाड़ों के साथ श्रद्धालु बप्पा को विदाई देंगे। गणेश विसर्जन को लेकर पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। अधिकारियों ने शहर के साथ आसपास के विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश दिए हैं। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने अधिकारियों के साथ बड़ी नदी, ढाना, चितौरा, मैहर समेत अन्य विसर्जन स्थलों का जायजा लिया। घाटों पर रोशनी के साथ जनरेटर की भी व्यवस्था कलेक्टर ने सभी विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। बिजली जाने की स्थिति में परेशानी न हो, इसके लिए जनरेटर की व्यवस्था भी रखने को कहा गया है। विसर्जन घाटों पर SDRF की टीम तैनात रहेगी। नावों में गोताखोर भी मौजूद रहेंगे। घाटों पर बैरिकेडिंग कराई जाएगी, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से प्रतिमाओं का विसर्जन कर सकें। एंबुलेंस और डॉक्टर भी रहेंगे मौजूद चल समारोह के दौरान शहर में ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए भी इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि लोगों की आवाजाही में परेशानी न हो, इसके लिए जरूरी स्थानों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखें। सभी प्रमुख विसर्जन स्थलों पर एंबुलेंस और डॉक्टरों की व्यवस्था भी रखने के निर्देश दिए गए हैं। चल समारोह के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी शहर के मुख्य मार्गों से निकलने वाले गणेश विसर्जन चल समारोह के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है। कटरा चौकी क्षेत्र में रोहित वर्मा, अनुविभागीय अधिकारी सागर और मीना दांगी, डिप्टी कलेक्टर को जिम्मेदारी दी गई है। कोतवाली थाना क्षेत्र में आरती यादव, संयुक्त कलेक्टर, सिविल लाइन और गोपालगंज क्षेत्र में रवीश श्रीवास्तव, संयुक्त कलेक्टर और अनिल कुशवाहा, तहसीलदार की ड्यूटी रहेगी। मकरोनिया थाना क्षेत्र में देवेंद्र पटैरिया, नायब तहसीलदार, मोतीनगर में रजत सोनी, डिप्टी कलेक्टर और धनसिंह, नायब तहसीलदार तथा कैंट थाना क्षेत्र में डॉ. राकेश अहिरवार, तहसीलदार की ड्यूटी लगाई गई है। अलग-अलग विसर्जन घाटों पर अधिकारी संभालेंगे व्यवस्था लेहदरा नाका विसर्जन स्थल पर संदीप तिवारी, तहसीलदार और प्रतीक रजक, नायब तहसीलदार तैनात रहेंगे। चितौरा घाट पर वर्षा दुबे, तहसीलदार और राजेश कोष्टी, नायब तहसीलदार की ड्यूटी रहेगी। बन्नाद विसर्जन स्थल पर राहुल गौड़, नायब तहसीलदार और केके श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक मौजूद रहेंगे। मेहर घाट पर बहादुर सिंह, नायब तहसीलदार और राजघाट पर प्रेमनारायण गौड़, नायब तहसीलदार की ड्यूटी लगाई गई है। बिलहरा विसर्जन स्थल पर शिवपुरोहित गौतम, नायब तहसीलदार और हर्ष साहू, राजस्व निरीक्षक तैनात रहेंगे। बेबस नदी रिछावर स्थल पर चंद्रप्रकाश गुप्ता, नायब तहसीलदार व्यवस्था संभालेंगे।