समाचार · मध्य प्रदेश
तामिया में तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर:युवक की मौत, लखन बाबा की गुलाई के पास हादसा; चालक पर कुचलने का आरोप
छिंदवाड़ा के तामिया में लखन बाबा की गुलाई के पास गुरुवार शाम तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए, जबकि अभिनन्द नाम के युवक की तामिया अस्पताल में मौत हो गई। परिजन का आरोप है कि टक्कर के बाद पिकअप चालक ने घायल युवक के ऊपर वाहन चढ़ा दिया और मौके से भाग गया। तहसील कार्यालय से काम खत्म कर लौट रहे थे दोनों ग्राम खारा अनहोनी निवासी अजय कुमरे पिता दशरथ ने बताया कि वह अपने दामाद अभिनन्द के साथ तामिया तहसील कार्यालय आए थे। काम पूरा होने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। लखन बाबा की गुलाई के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। अजय सड़क पर गिर गए, जबकि अभिनन्द गंभीर रूप से घायल हो गए। अजय का आरोप है कि हादसे के बाद पिकअप चालक ने घायल अभिनन्द के ऊपर वाहन चढ़ा दिया और वहां से भाग गया। गंभीर हालत में दोनों को तामिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अभिनन्द को मृत घोषित कर दिया। 108 और 112 पर फोन के बाद भी मदद नहीं मिलने का आरोप अजय कुमरे ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद उन्होंने करीब आधे घंटे तक 108 एंबुलेंस और 112 पुलिस को कई बार फोन किया, लेकिन मौके पर मदद नहीं पहुंची। इसी दौरान कुर्सीढाना स्कूल से तामिया लौट रहे शिक्षक मोहन उईके की नजर सड़क पर पड़े घायल युवकों पर पड़ी। उन्होंने अपनी कार से दोनों को तामिया अस्पताल पहुंचाया। अज्ञात पिकअप चालक की तलाश हादसे के बाद परिजनों में आक्रोश है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। टक्कर मारने वाली अज्ञात पिकअप और उसके चालक की तलाश की जा रही है। वहीं एंबुलेंस और पुलिस को फोन करने के बावजूद समय पर मदद नहीं मिलने के आरोपों की भी स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी।