समाचार · हरियाणा
झज्जर की सुरुचि ने एशियन गेम्स में रचा इतिहास:भारत को दिलाया दूसरा गोल्ड,10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम में कमलजीत के साथ जीता स्वर्ण
एशियन गेम्स 2026 में हरियाणा की बेटी सुरुचि इंदर सिंह फोगाट ने देश का नाम रोशन कर दिया। सुरुचि और कमलजीत की भारतीय जोड़ी ने शुक्रवार को 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीतकर भारत को प्रतियोगिता का दूसरा गोल्ड मेडल दिलाया। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में 484.6 अंक हासिल किए। इस प्रदर्शन के साथ दोनों ने एशियन रिकॉर्ड भी बनाया। दक्षिण कोरिया की जोड़ी 478.0 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि ईरान ने कांस्य पदक जीता। शुरुआत से बढ़त, फाइनल में भी दबदबा सुरुचि और कमलजीत ने क्वालिफिकेशन में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 587 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया था। इसके बाद फाइनल में भी भारतीय जोड़ी ने शुरुआत से बढ़त बनाए रखी और 484.6 अंक के साथ स्वर्ण अपने नाम किया। झज्जर के सासरोली गांव की रहने वाली हैं सुरुचि सुरुचि इंदर सिंह फोगाट झज्जर जिले के सासरोली गांव की रहने वाली हैं। उनकी अंतरराष्ट्रीय शूटिंग यात्रा 13 साल की उम्र में शुरू हुई थी। वह अपने पिता और भाइयों के साथ सासरोली से भिवानी की शूटिंग अकादमी तक ट्रेन से जाती थीं। अब 20 साल की उम्र में वह जूनियर वर्ल्ड रिकॉर्ड और कई ISSF वर्ल्ड कप गोल्ड जीत चुकी हैं। सुरुचि के एशियन गेम्स में गोल्ड जीतते ही सासरोली गांव और उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी स्वर्णिम उपलब्धियों पर गांव में जश्न मनाया जा चुका है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दी बधाई हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी सुरुचि और कमलजीत की उपलब्धि पर बधाई दी। मुख्यमंत्री की ओर से दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा गया कि आप दोनों की उपलब्धि पर पूरे देश को गर्व है और उनके स्वर्णिम भविष्य की कामना की गई।