समाचार · हरियाणा
चंडीगढ़ में हेड कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या:नाबालिग बेटा हिरासत में, बोला- किसी ने पापा को शूट कर दिया; पुलिस बोली- बयान बदल रहा
चंडीगढ़ सेक्टर-22 में शुक्रवार सुबह एक हेड कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान हेड कांस्टेबल नितिन के रूप में हुई है। गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसएसपी कंवरदीप कौर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घायल हेड कांस्टेबल नितिन को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा बरामद किया है। घटना के बाद पुलिस ने नितिन के नाबालिग बेटे से पूछताछ की। शुरुआती पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि कोई अन्य व्यक्ति उसके पिता को गोली मारकर मौके से फरार हो गया। पुलिस को उसके बयान पर संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान उसके बयान में विरोधाभास सामने आने पर पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में ले लिया। बेटे से पूछताछ कर रही पुलिस फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गोली किसने चलाई और वारदात के पीछे क्या वजह थी। कई दिनों से घर में चल रहा था विवाद नितिन के पड़ोसी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनके घर में झगड़ा चल रहा था। शुक्रवार सुबह भी घर से काफी शोर-शराबे की आवाज आ रही थी। कुछ देर बाद अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस अब परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों से भी पूछताछ कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और देसी कट्टे की भी जांच की जा रही है। कुछ दिन पहले थार से टक्कर मारने का भी मामला पुलिस के अनुसार, नाबालिग बेटे का कुछ दिन पहले मनीमाजरा में थार गाड़ी से टक्कर मारने का मामला भी सामने आया था। पुलिस अब इस घटना की भी जानकारी जुटा रही है और दोनों घटनाओं के बीच किसी तरह का संबंध है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। एसएसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे गोली चलने की सूचना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया। सेक्टर-17 थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसएसपी कंवरदीप कौर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से देसी कट्टा बरामद किया है और वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। नाबालिग से पूछताछ और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।