समाचार · मध्य प्रदेश
नरसिंहपुर में ट्रेन की बोगी ले जा रहा ट्राला खराब:हाईवे पर 3 दिन से खड़ा, 42 टन वजनी मेट्रो बोगी लदी; हादसे का खतरा
नरसिंहपुर के बांसकुंवारी गांव के पास नेशनल हाईवे-44 पर 74 चक्का ट्राला पिछले तीन दिनों से खराब खड़ा है। ट्राले पर मेट्रो ट्रेन की बोगी लदी हुई है। पिछले हिस्से में तकनीकी खराबी आने के बाद ट्राले को हाईवे पर ही रोकना पड़ा। ट्राला तिरछा खड़ा होने से यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है। 42 टन की मेट्रो बोगी लेकर आंध्रप्रदेश से दिल्ली जा रहा था ट्राला नंबर HR 55 AN 1774 के कर्मचारियों ने बताया कि इसमें करीब 42 टन वजन की मेट्रो ट्रेन की बोगी लदी हुई है। ट्राला आंध्रप्रदेश से दिल्ली की ओर जा रहा था। बांसकुंवारी के पास पहुंचने पर इसके पिछले हिस्से में तकनीकी खराबी आ गई। बारिश के कारण सुधार कार्य प्रभावित तकनीकी खराबी आने के बाद से ट्राले को ठीक करने की लगातार कोशिश की जा रही है। हालांकि, बारिश के कारण सुधार कार्य प्रभावित हो रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि खराबी दूर करने का काम लगातार जारी है। हाईवे पर लगाए बैरिकेड और रिफ्लेक्टर भारी-भरकम ट्राला हाईवे पर तिरछा खड़ा होने के कारण हादसे की आशंका बनी हुई है। इसे देखते हुए हाईवे पर बैरिकेडिंग की गई है। साथ ही रेडियम रिफ्लेक्टर भी लगाए गए हैं, ताकि दूर से ही वाहन चालकों को खराब ट्राला दिखाई दे और वे सावधानी से निकल सकें।