समाचार · मध्य प्रदेश
इंदौर में 30 साल के शुभम ने फांसी लगाई:5 महीने पहले युवती के पिता से हुआ था विवाद, प्रेम प्रसंग की जांच जारी
इंदौर में लसूड़िया थाना क्षेत्र के सिंगापुर टाउनशिप स्थित श्रीनाथ ग्रीन व्यू में 30 वर्षीय शुभम पटेल ने देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुभम अगरबत्ती कारखाने में काम करता था। रात करीब 12:30 बजे वह घर लौटा और अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद कमरे से आवाज आने पर परिजनों ने रोशनदान से देखा तो शुभम फंदे पर झूल रहा था। परिजन उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया। एमवाय अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रेम प्रसंग को लेकर जांच, सुसाइड नोट नहीं मिला मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि इलाके की ही एक युवती से शुभम का प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब 5 महीने पहले युवती के पिता ने शुभम के साथ मारपीट की थी। इसके बाद शुभम ने लसूड़िया थाने में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस प्रेम प्रसंग समेत अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शुभम के परिवार में माता-पिता और एक छोटा भाई है। शराब के नशे में महिला ने फांसी लगाई इधर, तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के मेरोद ग्राम में 35 वर्षीय संगीता पति दिवंगत भरत राठौर ने गुरुवार को घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार संगीता शराब पीने की आदी थी। उसके दो बेटे हैं, जो मकान निर्माण कार्य से जुड़े हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सरिए में पैर उलझने से गिरे किसान की मौत एक अन्य घटना में सिमरोल क्षेत्र के 45 वर्षीय किसान दिनेश पुत्र हिंदू सिंह की शुक्रवार सुबह एमवाय अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि घर के सामने रखे सरिए में पैर उलझने से दिनेश गिरकर घायल हो गए थे। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है।