समाचार · हरियाणा
धान कटाई सीजन में अंबाला में धारा 163 लागू:पराली जलाने पर FIR तक की कार्रवाई, गांव-गांव निगरानी टीमें तैनात
धान की कटाई का सीजन शुरू होने के साथ ही जिला प्रशासन ने फसल अवशेष जलाने पर रोक लगा दी है। जिलाधीश ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 163 के तहत जिले में आदेश लागू किए हैं। इसके तहत धान/जीरी की कटाई के बाद खेतों में बचे पराली और अन्य फसल अवशेष जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने किसानों से पराली न जलाने और उपलब्ध संसाधनों से उसका उचित प्रबंधन करने की अपील की है। पराली जलाते मिले तो दर्ज हो सकती है FIR
प्रशासन ने आदेशों के पालना के लिए कृषि विभाग समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों और फील्ड स्टाफ की ड्यूटी लगाई है। टीमें गांवों और खेतों में जाकर पराली जलाने की घटनाओं पर नजर रख रही हैं। खेत में फसल अवशेष जलाते पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मामले में FIR दर्ज होने के साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 223 के तहत कार्रवाई का प्रावधान है। गांव-गांव पहुंचकर किसानों को कर रहे जागरूक
कृषि विभाग के उप निदेशक डॉ. वजीर सिंह ने बताया कि जिले में फील्ड स्टाफ, अधिकारियों और नोडल अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। टीमें दिन-रात गांवों और खेतों में निगरानी कर रही हैं और किसानों को पराली प्रबंधन के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी दे रही हैं। गांव स्तर पर भी निगरानी और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बच्चों और ग्रामीणों को भी पराली न जलाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। सुपर सीडर समेत इन मशीनों से करें प्रबंधन
कृषि विभाग ने किसानों को पराली जलाने की बजाय सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, मल्चर, स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम, स्ट्रॉ चॉपर और रोटावेटर जैसी कृषि मशीनों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार फसल अवशेषों को खेत में उचित तरीके से मिलाने से मिट्टी में जैविक पदार्थ बना रहता है और उसकी गुणवत्ता व उर्वरा शक्ति को लाभ मिलता है। पराली जलाने से मिट्टी और पर्यावरण को नुकसान
विभाग के अनुसार पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है। इससे मिट्टी में मौजूद लाभकारी सूक्ष्म जीव प्रभावित होते हैं और जैविक पदार्थ व पोषक तत्वों को नुकसान पहुंचता है। आग आसपास के खेतों और संपत्ति तक फैलने का खतरा भी रहता है। सड़क के पास पराली जलाने से धुएं के कारण दृश्यता प्रभावित होने की आशंका रहती है। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे खुद पराली न जलाएं और आसपास के किसानों को भी इसके लिए जागरूक करें।