Friday, 25 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

जिस घर में बज रही थी शहनाई, वहां से उठी अर्थी, साली की शादी में आए जीजा ने पत्नी का रेता गला, फिर खुद भी उठा लिया ये कदम...

INT News25 September 2026 at 09:39 am

Uttar Pradesh Crime News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. साली की शादी में शामिल होने ससुराल आए एक युवक का पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद के दौरान इरफान ने अपनी पत्नी गजाला के गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद इरफान ने कथित तौर पर खुद को भी घायल कर लिया. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है.

शादी की खुशियों वाले घर में मची चीख-पुकार

मामला सहारनपुर के नानौता थाना क्षेत्र के मोहल्ला चामंजिली का है. गजाला की बहन की शादी 21 सितंबर को हुई थी. इसी शादी में शामिल होने के लिए इरफान भी अपनी पत्नी के साथ ससुराल आया था. कुछ दिन पहले तक घर में शादी की खुशियां थीं, रिश्तेदारों की आवाजाही थी और पूरा परिवार उत्सव के माहौल में था. लेकिन गुरुवार शाम अचानक इसी घर में चीख-पुकार मच गई.

भाई के कपड़े बैग में रख रही थी गजाला

परिजनों के मुताबिक, गुरुवार को गजाला अपने भाई सुहेल के पंजाब जाने की तैयारी कर रही थी. वह उसके कपड़े बैग में रख रही थी. इसी दौरान इरफान भी घर के ऊपरी कमरे में पहुंच गया. कमरे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया. आरोप है कि इसी दौरान इरफान ने गजाला पर धारदार हथियार से हमला कर दिया.

चीख सुनकर ऊपर पहुंचे परिजन

गजाला की चीख सुनकर नीचे मौजूद परिजन तुरंत ऊपर पहुंचे. तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी. इसके बाद इरफान ने कथित तौर पर खुद को भी घायल कर लिया. परिजन दोनों को लेकर सीएचसी नानौता पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने गजाला को मृत घोषित कर दिया. वहीं, इरफान की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.

14 साल पहले हुई थी गजाला की शादी

करीब 30 साल की गजाला की शादी 14 साल पहले कैराना निवासी इरफान से हुई थी. परिजनों के मुताबिक, शादी के इतने साल बाद भी दोनों की कोई संतान नहीं थी और इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच पहले भी विवाद होते रहते थे. हालांकि गुरुवार को दोनों के बीच विवाद किस बात से शुरू हुआ और हमला किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी वजह अभी पूरी तरह साफ नहीं है.

मायके में मचा कोहराम

घटना की जानकारी मिलते ही गजाला के मायके में मातम पसर गया. मां संजीदा, पिता इस्लाम और भाई सुहेल व शोएब का रो-रोकर बुरा हाल है. जिस घर में कुछ दिन पहले बेटी की शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया. परिवार और रिश्तेदार गजाला की मौत से सदमे में हैं.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही नानौता थाना प्रभारी विकास चारण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और गजाला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है.

पुलिस बोली- रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

सीओ गंगोह शैलेन्द्र प्रताप गौतम ने बताया कि नानौता थाना क्षेत्र में इरफान अपनी ससुराल आया हुआ था. पारिवारिक विवाद के चलते उसने अपनी पत्नी गजाला के गले पर धारदार हथियार से हमला किया. महिला की अस्पताल में मौत हो गई. आरोपी ने अपने गले पर भी चोट पहुंचाई है और उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया है. पुलिस के अनुसार, रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की असली वजह क्या थी, हमला किन परिस्थितियों में हुआ और घटना के दौरान वास्तव में क्या-क्या हुआ.

Also Read: UP Roadways का बड़ा अपडेट, UDID कार्ड स्कैन करते ही मिलेगा दिव्यांगों को फ्री बस टिकट, जानें नया नियम