समाचार · हरियाणा
रोहतक एमडीयू में सर छोटूराम की प्रतिमा लगाने की मांग:छात्रों ने विरोध प्रदर्शन कर 10 सूत्रीय रखी मांग, नशे के खिलाफ चलाया अभियान
रोहतक की महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी में नैशनल स्टूडेंट्स आर्गेनाइजेशन के सदस्यों ने नशे के खिलाफ अभियान शुरू करते हुए शक्ति प्रदर्शन किया और 10 सूत्रीय मांगों को लेकर वीसी को ज्ञापन सौंपा। साथ ही एमडीयू में सर छोटूराम की विशाल प्रतिमा लगाने की मांग की। NSO के अध्यक्ष सुधीर सहारण ने कहा कि यूनिवर्सिटी प्रांगण में रहबरे आजम चौधरी छोटू राम की आदम कद प्रतिमा निर्माण का प्रस्ताव पूर्व कुलपति के समक्ष रखा गया था, जो पास किया गया था। लेकिन प्रतिमा निर्माण नहीं हुआ है। छात्रों की भावना को ध्यान में रखते हुए चौधरी छोटू राम की आदम कद प्रतिमा का निर्माण करवाया जाए। एमडीयू में शिक्षकों की कमी को किया जाए दूर
सुधीर सहारण ने कहा कि एमडीयू में लंबे समय से गैरशिक्षक और शिक्षक भर्ती नहीं हुई है, जिससे शोध छात्रों को परेशानी हो रही है। संवैधानिक नियमों को ध्यान में रखकर जल्द से जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए। एमडीयू में कोर्स की फीस ना बढ़ाई जाए। ब्वॉयज व गर्ल्स हॉस्टल में छात्र छात्राओं के लिए कॉमन रूम में अखबार, मैगजीन, खेल कूद का सामान उपल्ब्ध करवाया जाए। हॉस्टल से विभाग तक बस सेवा शुरू करें
सुधीर सहारण ने कहा कि एमडीयू में छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए सुबह, दोपहर व शाम को हॉस्टल से विभागों तक छोड़ने के लिए बस सेवा शुरू की जाए। एमडीयू के मुख्य चौक चौराहे पर बेरीकेट्स लगाकर सुरक्षा कर्मचारी तैनात करे, जिससे बाहरी तत्वों पर लगाम लग सके। वीटा के बूथों पर वसूल रहे मनमानी कीमत
सुधीर सहारण ने कहा कि कैंपस को कमर्शियल बना दिया है। वीटा के बूथ, जहां वीटा के सामान ना मिलकर मन माने ढंग से रेट तय कर छात्रों से वसूले जा रहे है। बूथों व कैंटीनों पर मनमाने तरीके के रुपए छात्रों से वसूले जा रहे हैं। नशे की रोकथाम के लिए एमडीयू में विशेष अभियान चलाना चाहिए, जिससे युवा नशे की चपेट में ना आए। छात्र संगठनों व एमडीयू प्रशासन के बीच होनी चाहिए मीटिंग
सुधीर सहारण ने कहा कि छात्र संगठनों व एमडीयू प्रशासन के बीच महीने में एक मीटिंग होनी चाहिए। हॉस्टल नंबर 3 में पिछले 4 वर्षों से नवीनीकरण के नाम पर 2026 तक हुए भ्रष्टाचार में जिम्मेदारी तय होनी चाहिए, क्योंकि छात्रों को 4 वर्ष तक हॉस्टल की समस्या से जूझना पड़ा है। हॉस्टल नवीनीकरण के नाम पर जीरो परिणाम है।