Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

जमशेदपुर में महिलाओं की सुरक्षा के लिए शक्ति कमांडो मैदान में, 6 गाड़ियों से होगी गश्त

INT News12 October 2026 at 02:13 pm

जमशेदपुर: दुर्गापूजा के दौरान महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर जमशेदपुर पुलिस ने खास तैयारी की है. पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में मनचलों पर नजर रखने के लिए 12 महिला पुलिसकर्मियों की शक्ति कमांडो टीम तैनात की गयी है. त्वरित कार्रवाई के लिए टीम को छह गश्ती वाहन भी दिये गये हैं.

वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस ने शहर के प्रमुख पूजा पंडालों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ायी है. शक्ति कमांडो की टीमें अलग-अलग इलाकों में लगातार गश्त करेंगी. इसका उद्देश्य महिलाओं और युवतियों को पूजा-अर्चना और मेले के दौरान सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है.

छेड़खानी और अभद्रता करने वालों पर होगी कार्रवाई

पुलिस प्रशासन ने असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी है. महिलाओं के साथ छेड़खानी या अभद्रता करने वालों के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जायेगी. पुलिस की इस विशेष व्यवस्था से पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं की सुरक्षा पर खास नजर रखी जायेगी.