Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

लोहरदगाः सड़क हादसे में पूर्व प्रखंड प्रमुख के 2 भाइयों की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

INT News12 October 2026 at 02:14 pm

कुड़ू (लोहरदगा): लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में पूर्व प्रखंड प्रमुख परिखा मुंडा के दो भाइयों की मौत के बाद सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. शंखनदी-लुकुइया मुख्य पथ पर बड़की चांपी जरियों के समीप हुए हादसे के विरोध में ग्रामीणों ने दोनों शवों को बड़की चांपी चौक पर रखकर सड़क जाम कर दिया. ग्रामीण हादसे के लिए जिम्मेदार हाइवा से जुड़ी बीकेबी कंपनी के अधिकारियों को जाम स्थल पर बुलाने की मांग पर अड़े हैं. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी है. सूचना मिलने पर कुड़ू पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालने में जुट गयी.

बाजार से लौटने के दौरान हाइवा की चपेट में आयी बाइक

जानकारी के अनुसार, कुड़ू थाना क्षेत्र के दुबांग गांव निवासी पूर्व प्रखंड प्रमुख परिखा मुंडा के भाई जुगेश मुंडा और चचेरे भाई बजरंग मुंडा शनिवार को लोहरदगा सदर थाना क्षेत्र के कुजरा गांव में लगे बाजार गये थे. बाजार का काम निपटाने के बाद दोनों शाम करीब छह बजे बाइक से शंखनदी-लुकुइया मुख्य पथ होते हुए अपने घर दुबांग लौट रहे थे. इसी दौरान कमले साइडिंग से बॉक्साइट खाली कर हेसल साइडिंग लौट रहा एक हाइवा बड़की चांपी जरियों के समीप उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया.

ये भी पढ़ें: IIIT रांची में छात्र की मौत पर दूसरे दिन भी बवाल, निदेशक के इस्तीफे पर अड़े विद्यार्थी; देखें तस्वीरें

मौके पर बजरंग की मौत, रिम्स में जुगेश ने तोड़ा दम

हादसे में बजरंग मुंडा की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि जुगेश मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गये. परिजन उन्हें इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल ले गये. वहां प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया. रिम्स में इलाज के दौरान जुगेश मुंडा की भी मौत हो गयी. इस तरह हादसे में दोनों भाइयों की जान चली गयी.

कंपनी के अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े ग्रामीण

सोमवार को लोहरदगा सदर अस्पताल में दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन और ग्रामीण शव लेकर बड़की चांपी चौक पहुंचे. यहां शवों को सड़क पर रखकर जाम कर दिया. ग्रामीण बीकेबी कंपनी के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि अधिकारियों के आने के बाद ही आगे की बात होगी.

ये भी पढ़ें: दोस्तों के साथ मना रहा था जन्मदिन, तभी चापड़ लेकर पहुंचा युवक और कर दिया हमला!

सड़क जाम से आवागमन प्रभावित, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

सड़क जाम के कारण मुख्य पथ पर आवागमन बाधित हो गया है और दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गयी हैं. हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. कुड़ू पुलिस मौके पर मौजूद है और मामले की जांच कर रही है.