Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

पार्षद का बेटा कैब लूट के केस में गिरफ्तार:सुनसान रास्ते पर कैब चालक को बनाया बंधक, PhonePe से ट्रांसफर कराए 13 हजार

INT News12 October 2026 at 05:51 pm

रेवाड़ी में उबर कैब बुक कर चालक को बंधक बनाने और गाड़ी, मोबाइल व नकदी छीनने के मामले में सीआईए रेवाड़ी और मॉडल टाउन थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें जिला परिषद के वार्ड नंबर 15 की पार्षद रेखा का बेटा जतिन भी शामिल है। पार्षद रेखा केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत की सर्मथक है तथा पिछले चुनावों में बावल से विधानसभा की टिकट मांग रही थी। आरोपियों ने कैब चालक को सुनसान रास्ते पर बंधक बनाकर उसके PhonePe अकाउंट से करीब 13 हजार रुपए ट्रांसफर कराए। इसके अलावा पेट्रोल पंप से तेल व नकदी के रूप में 7 हजार रुपए लिए। वारदात के बाद आरोपी चालक को नारनौल रोड पर छोड़कर उसकी सेलेरियो गाड़ी और मोबाइल लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पोसवाल चौक से बुकिंग लेकर निकला था चालक पुलिस के अनुसार, महेंद्रगढ़ जिले के गांव मोड़ी निवासी आशीष कैब चलाता है। 10 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे उसे उबर ऐप के माध्यम से बुकिंग मिली थी। वह पोसवाल चौक स्थित शराब ठेके के पास से चार युवकों को गाड़ी में बैठाकर रवाना हुआ। आरोप है कि भवाड़ी गांव अंडरपास के पास पहुंचने पर युवकों ने उसका गला दबाया और गाड़ी को असंतुलित कर दिया। इसके बाद चालक को पिछली सीट पर बंधक बना लिया। खेत में ले जाकर PhonePe से ट्रांसफर कराए रुपए आरोपी चालक को खेत में ले गए और उसका मोबाइल छीनकर पासवर्ड पूछ लिया। इसके बाद PhonePe के माध्यम से करीब 13 हजार रुपए ट्रांसफर कराए। आरोपियों ने पेट्रोल पंप से तेल और नकदी के रूप में 7 हजार रुपए भी लिए। चालक के साथ मारपीट करने के बाद उसे हरिनगर, नारनौल रोड पुल के पास छोड़ दिया और उसकी सेलेरियो गाड़ी व मोबाइल लेकर फरार हो गए। तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस शिकायत मिलने के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा के निर्देश पर सीआईए रेवाड़ी और मॉडल टाउन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों व गुप्त सूचना के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। इस दौरान लूटी गई गाड़ी, मोबाइल और ट्रांसफर की गई राशि की बरामदगी के साथ अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच की जाएगी। चारों आरोपियों की हुई पहचान पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में तुषार निवासी गांव पुंसिका, परदेसी बाबू निवासी गांव पैला, जिला लखीमपुर खीरी (यूपी), हाल निवासी गांव तीतरपुर मसानी, तथा जतिन और कपिल निवासी गांव भीमा खरखड़ी प्रहलादपुरा शामिल हैं। आरोपी जतिन जिला परिषद् के वार्ड नंबर 15 की पार्षद रेखा का बेटा है। पुलिस चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी में है। पूछताछ के दौरान लूटी गई गाड़ी, मोबाइल और रकम की बरामदगी के साथ यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी अन्य आपराधिक वारदातों में शामिल रहे हैं या नहीं।