Saturday, 31 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

Watch Video: भागलपुर-बांका मार्ग पर भीषण हादसा, तालाब में अनियंत्रित होकर पलटी कार, 1 शव बरामद; दूसरे की तलाश जारी

INT News30 October 2026 at 11:56 pm

रजौन (बांका). भागलपुर-बांका मार्ग पर रजौन के पास एक बड़ा हादसा हुआ है. यहां एक अनियंत्रित कार भदई तालाब में पलटकर गिर गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों की मदद से एक व्यक्ति का शव तालाब से बाहर निकाला जा चुका है. वहीं, कार में दो लोगों के सवार होने की आशंका जताई जा रही है. दूसरे व्यक्ति के संबंध में फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है. दुर्घटनाग्रस्त वाहन को तालाब से बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली जा रही है.

एनएच पर पहुंचने से पहले तालाब में गिरी कार

मिली जानकारी के अनुसार, कार रजौन प्रखंड के खुशहालपुर से भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग की ओर जा रही थी. इसी दौरान एनएच पर पहुंचने से पहले ही चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया. इसके बाद कार अनियंत्रित होकर भदई तालाब में जा गिरी. बताया गया कि हादसे के समय कार की बैक लाइट जल रही थी. इसी दौरान आसपास मौजूद ग्रामीणों की नजर तालाब में गिरे वाहन पर पड़ी. इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी.

ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना, निकाला शव

वाहन के तालाब में गिरने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. इसके बाद स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी गई. पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने तालाब से एक व्यक्ति का शव बाहर निकाल लिया था. ग्रामीणों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार में दो लोग सवार थे. हालांकि, दूसरे व्यक्ति के संबंध में अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.

क्रेन की मदद से कार निकालने का प्रयास जारी

एक व्यक्ति का शव बरामद होने के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार को तालाब से बाहर निकालने के लिए क्रेन मंगाई गई. क्रेन की मदद से वाहन निकालने का प्रयास जारी है. हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई है. फिलहाल एक व्यक्ति का शव बरामद किया जा चुका है और दूसरे व्यक्ति के संबंध में स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है. तालाब से कार बाहर निकलने के बाद ही इस हादसे से जुड़ी स्थिति और साफ हो सकेगी.