समाचार · पंजाब
बठिंडा नगर निगम हाउस की बैठक आज:35.29 करोड़ के सड़क प्रोजेक्ट समेत विकास कार्यों पर फैसला, 20 एजेंडों पर भी होगा मंथन
बठिंडा शहर के विकास और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े 20 अहम प्रस्तावों पर बठिंडा नगर निगम के जनरल हाउस की बैठक आज यानि 25 सितंबर को होगी। सुबह 9 बजे मेयर पदमजीत मेहता की अगुवाई में यह बैठक मेयर आफिस में होगी। इसमें सड़कों के निर्माण व मरम्मत, जलापूर्ति, सीवरेज, सफाई व्यवस्था, पार्कों, ट्रैफिक सुधार और कर्मचारियों से जुड़े प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी। बैठक में कनाडा के सरे शहर के साथ ‘सिस्टर सिटी’ संबंध स्थापित करने का प्रस्ताव भी प्रमुख एजेंडों में शामिल किया गया है। सरे के साथ सिस्टर सिटी प्रस्ताव
बैठक में बठिंडा और कनाडा के सरे शहर के बीच ‘सिस्टर सिटी’ संबंध स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। प्रस्ताव के अनुसार इससे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जल शोधन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और एनआरआई निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं बनेंगी। नगर निगम सदन से मंजूरी के बाद प्रस्ताव को पंजाब सरकार के माध्यम से केंद्र के गृह और विदेश मंत्रालयों को अंतिम मंजूरी के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसके अलावा निगम के जीआईएस एक्सपर्ट, जो वर्तमान में अर्बन प्लानर का अतिरिक्त जिम्मा संभाल रहे हैं, का वेतन **35 हजार से बढ़ाकर 60 हजार रुपए मासिक** करने की सिफारिश भी बैठक में रखी जाएगी। 35.29 करोड़ का मेगा टेंडर
शहर की सड़कों से जुड़े अलग-अलग कार्यों को एक साथ लेकर नगर निगम करीब 35.29 करोड़ रुपए का संयुक्त ई-टेंडर लगाने का प्रस्ताव रखेगा। निगम का उद्देश्य छोटे-बड़े सड़क कार्यों के लिए अलग-अलग टेंडर की प्रक्रिया के बजाय एक बड़े पैकेज के माध्यम से काम करवाना है। गैस पाइपलाइन और केबल बिछाने के कारण क्षतिग्रस्त 18 कॉलोनियों की सड़कों पर करीब 5.50 करोड़ रुपए की लागत से इंटरलॉकिंग टाइलें लगाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा 30 से अधिक आवासीय क्षेत्रों में टाइल लगाने और मरम्मत के लिए 17.46 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट भी सदन के सामने आएगा। जाम वाले हिस्सों में सड़क चौड़ी होगी
ट्रैफिक सुधार के लिए 100 फीट रोड पर सैंपल होटल के पास जमीन की अदला-बदली का प्रस्ताव है। इसके तहत 346.80 वर्ग गज निजी जमीन के बदले निगम अपनी 294.80 वर्ग गज खुली जगह देने पर विचार करेगा। भट्टी रोड-80 फीट रोड जंक्शन पर 400 वर्ग गज जमीन लेकर सड़क निर्माण का प्रस्ताव भी एजेंडे में है। गुरुकुल रोड पर टीपी स्कीम-15 के तहत 20 फीट चौड़ी गली और सार्वजनिक पार्क विकसित करने की योजना भी रखी जाएगी। पानी-सीवरेज पर बड़ा खर्च
जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 37.19 करोड़ रुपए के यूआईडीएफ प्रोजेक्ट का प्रस्ताव है। इसमें 5 एमजीडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, 4 लाख गैलन का जलाशय और नई पाइपलाइनें शामिल हैं। इसमें निगम की हिस्सेदारी करीब 15 प्रतिशत यानी लगभग 5.57 करोड़ रुपए होगी। 52 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की मरम्मत और सुभाष पार्क स्थित जलाशय की 400 एमएम राइजिंग मेन को डीआई पाइप से बदलने पर करीब 6.62 करोड़ रुपए खर्च करने का प्रस्ताव है। भूजल रिचार्ज के लिए 10 जगहें
अमृत-2.0 के तहत वैज्ञानिक शैलो एक्विफर मैनेजमेंट के आधार पर रोज गार्डन, हॉकी स्टेडियम और विभिन्न स्कूलों समेत 10 स्थानों पर भूजल रिचार्ज चैंबर बनाने का प्रस्ताव है। इस पर करीब 46.41 लाख रुपए खर्च होंगे। पार्कों से अंडरब्रिज तक काम
शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों के तहत दो स्पोर्ट्स एरीना बनाने का प्रस्ताव है। पार्कों में बच्चों के झूलों के लिए 68.84 लाख रुपए, ओपन जिम के लिए 53.96 लाख रुपए, 1000 कंक्रीट बेंच और गजीबो शेड के लिए भी बजट रखा गया है। संतपुरा रोड अंडरब्रिज पर जलभराव की समस्या दूर करने के लिए 1.98 करोड़ रुपए का शेड बनाने का प्रस्ताव है। धोबियाना बस्ती में सीवर लाइन और फायर ब्रिगेड चौक पर 30.74 लाख रुपए की लागत से क्लॉक टावर का प्रस्ताव भी एजेंडे में है। निगम फंड से होगी मशीनों से सफाई मुख्य सड़कों की मैकेनाइज्ड डीप क्लीनिंग के लिए निगम सरकारी ग्रांट का इंतजार किए बिना अपने फंड से करीब 4.45 करोड़ रुपए खर्च कर एक साल के लिए सफाई कार्य शुरू कराने का प्रस्ताव रखेगा। डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन के 150 आउटसोर्स कर्मचारियों का मासिक वेतन जारी रखने और सफाई सेवकों व सीवरमैनों को नए राज्य कानून के तहत इनसोर्स करने संबंधी स्क्रीनिंग रिपोर्ट भी सदन में रखी जाएगी।