समाचार · हरियाणा
कैथल में शॉर्ट सर्किट से दुकान में लगी आग:पांच लाख रुपए का सामान जला, ई रिक्शा और रेहड़ियां भी अंदर थे
कैथल की अमरगढ़ गामड़ी में एक बंद दुकान में शॉर्ट सर्किट होने से अचानक आग लग गई। आगजनी की इस घटना में लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। दुकान के अंदर ई रिक्शा भी खड़ी थी, वह भी जल गई। घटना शनिवार की अल सुबह हुई। लोगों ने आग की सूचना फायर ब्रिगेड विभाग के अधिकारियों को दी। फायर ब्रिगेड की टीम दो गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यह दुकान गांव नंदकरण माजरा के रहने वाले रणधीर सिंह की है, जो कैथल में दुकान किए हुए है। दुकान में फल फ्रूट बेचने के लिए तीन रेहड़ियां भी खड़ी कर रखी थी, वे भी जल गई और उन पर रखे फल भी आग की भेंट चढ़ गए। ताला तोड़कर आग बुझाई राहगीरों ने आग की सूचना दुकान के मालिक को दी। मालिक भी मौके पर पहुंच गया। मालिक रणधीर ने बताया कि उसके पास पड़ौसी दुकानदारों का कॉल आया था कि दुकान में आग लग गई है। इस पर उन्होंने तुरंत दुकानदारों को ताला तोड़ने के लिए कह दिया। उस समय दुकान में आग की लपटें उठ रही थी। पड़ौसियों ने ताला तोड़कर फायर ब्रिगेड को बुलाकर आग बुझवाई। पांच लाख के नुकसान का अनुमान उन्होंने बताया कि दुकान में काफी संख्या में सेब की पेटियां रखी हुई थी। रेहड़ियों में भी सेब लदे हुए थे और दुकान में बारदाना व कंडे भी रखे हुए थे। ये सब सामान जल गया। एक कूलर और ई रिक्शा भी अंदर थे, जो जल गए। उसे करीब पांच लाख रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि इस दुकान से पांच छह लोगों का रोजगार चल रहा था। फायर ब्रिगेड स्टेशन इंचार्ज राजकुमार ने बताया कि घटना की सूचना पाकर दो गाड़ियां मौके पर भेज दी थी। आग पर काबू पा लिया गया। आग से दुकानदार को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।