समाचार · झारखंड
मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज की व्यवस्था पर उठे सवाल, सांसद वीडी राम ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग

गढ़वाः पलामू, गढ़वा और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) की व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है. इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को पत्र लिखकर अस्पताल की स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्रीय जांच दल गठित करने का अनुरोध किया है.
सांसद ने अपने पत्र में अस्पताल में चिकित्सकों और मेडिकल कॉलेज के शिक्षकों की कमी, आधारभूत संरचना से जुड़ी समस्याओं और मरीजों को होने वाली परेशानियों का उल्लेख किया है. उन्होंने 500 बेड वाले नए अस्पताल भवन के निर्माण में हो रही देरी के साथ सीटी स्कैन और डिजिटल एक्स-रे जैसी जांच सुविधाओं के संचालन में आ रही बाधाओं की भी जांच कराने का आग्रह किया है.
ये भी पढ़ें: खाने-पीने का सामान खरीदते समय रहें सतर्क! गढ़वा में खाद्य सुरक्षा जांच में खुलीं खामियां
चिकित्सकों की कमी से लेकर जांच सुविधाओं तक की समीक्षा की मांग
सांसद वीडी राम ने अस्पताल में चिकित्सकों और कर्मचारियों की उपलब्धता, रिक्त पदों तथा उनकी उपस्थिति की जांच कराने की मांग की है. साथ ही सीटी स्कैन और डिजिटल एक्स-रे जैसे उपकरणों की उपलब्धता और उनके संचालन की स्थिति की समीक्षा करने का अनुरोध किया है. उन्होंने अस्पताल के वार्डों में बिजली-पानी की व्यवस्था, साफ-सफाई और प्रबंधन की स्थिति की भी जांच कराने पर जोर दिया है.
सफाई व्यवस्था और सरकारी राशि के उपयोग की भी हो जांच
पत्र में आउटसोर्सिंग के माध्यम से संचालित सफाई व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया गया है. सांसद ने स्वीकृत पदों और वास्तव में तैनात सफाईकर्मियों की संख्या के बीच कथित अंतर की जांच कराने का आग्रह किया है. इसके अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) समेत केंद्र समर्थित स्वास्थ्य योजनाओं के तहत प्राप्त राशि के उपयोग, पारदर्शिता और जवाबदेही की समीक्षा करने की मांग की है.
ये भी पढ़ें: रांची एयरपोर्ट का विंटर शेड्यूल लागू: मुंबई-भुवनेश्वर के लिए नई उड़ानें, कई फ्लाइट्स के समय में बदलाव
लाखों लोगों के इलाज का प्रमुख केंद्र है अस्पताल
सांसद ने पत्र में कहा है कि मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पलामू, गढ़वा और आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों के लिए सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है. विशेषकर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार इलाज के लिए इस अस्पताल पर निर्भर हैं. ऐसे में अस्पताल की व्यवस्था में कमियों का सीधा असर मरीजों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं पर पड़ता है.
कमियां दूर करने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाने का आग्रह
सांसद ने केंद्रीय जांच दल से अस्पताल की व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा कराने के साथ जांच में सामने आने वाली कमियों को दूर करने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाने का आग्रह किया है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने, सुधारात्मक कदम उठाने और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है. साथ ही चिकित्साकर्मियों की कमी दूर करने और जरूरी चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए उचित सहयोग उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है. सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा है कि क्षेत्र की जनता को समय पर, सुरक्षित और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए. अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का पारदर्शी उपयोग और जवाबदेही सुनिश्चित होने से आम लोगों को बेहतर और सुलभ सरकारी स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी.
ये भी पढ़ें: दुमका में जुटेंगे दक्षिण एशिया के जेसुइट प्रोविंशियल, फादर अजीत खेस संभालेंगे नई जिम्मेदारी