Friday, 25 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

यमुनानगर में डंपर ने पेंटर को कुचला, मौत:बेकाबू होकर ट्रैक्टर में भी मारी टक्कर, ड्राइवर गंभीर, काम से लौट रहा था युवक

INT News25 September 2026 at 06:38 am

यमुनानगर जिले में पाबनी गांव के पास डंपर की टक्कर से एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि युवक को टक्कर मारने के बाद बेकाबू डंपर आगे चल रहे ट्रैक्टर से भी जा भिड़ा। घायल ट्रैक्टर ड्राइवर को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल जगाधरी की मोर्चरी में पहुंचाया, जिसका आज पोस्टमार्टम होगा। वहीं पुलिस ने डंपर ड्राइवर को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। काम खत्म कर दोस्त संग लौट रहा था मृतक की पहचान बड़ी पाबनी निवासी जितेंद्र के रूप में हुई है, जो दो भाइयों में बड़ा था और पेंटर का काम करता था। जितेंद्र गांव के ही 23 वर्षीय आयुष के साथ काम खत्म कर पैदल जा रहा था। जैसे ही दोनों पाबनी के पास पुलिया पर पहुंचे साढौरा की तरफ से आए डंपर ने पीछे से दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर में जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आयुष को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। जितेंद्र को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। युवक को टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर से भिड़ा डंपर प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पैदल जा रहे युवकों को टक्कर मारने के बाद डंपर ड्राइवर ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और आगे जा रहे ट्रैक्टर को भी टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर ड्राइवर पाबनी निवासी रेशम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने डंपर ड्राइवर को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनास्थल से संबंधित जानकारी जुटाने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की है। थाना छप्पर प्रभारी प्रमोद वालिया ने बताया कि हादसे में जितेंद्र की मौत हुई है, जबकि ट्रैक्टर ड्राइवर घायल है। केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।