Friday, 25 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

हरियाणा के 6 जिलों में बारिश के आसार:आज से 4 दिन तक खराब रहेगा मौसम, फरीदाबाद रहा सबसे गर्म, 36.7°C तक पहुंचा पारा

INT News25 September 2026 at 06:30 am

हरियाणा में आज से मौसम बदलने जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभार से आज पूर्वी इलाकों में यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, पलवल और फरीदाबाद में बारिश के आसार हैं। इसके अलावा बाकि आसपास के इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम में बदलाव के कारण दिन के तापमान में कमी और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार मानसून की विदाई रेखा (गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरपुर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, दिशा, नलिया) गुजर रही है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार अब मानसून जाने के बाद पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव और हवाओं में बदलाव (पश्चिमी से पूर्वी होने) के कारण आज से मौसम में बदलाव संभावित है। 27 से 29 सितंबर के दौरान उत्तरी जिलों में हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और पश्चिमी व दक्षिणी जिलों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। इससे दिन के तापमान में गिरावट आएगी, जिसके बाद मौसम दोबारा खुश्क हो जाएगा। जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम आज से शुरू हो रहा मौसम में बदलाव का यह दौर अगले 3-4 दिनों तक जारी रहेगा। 27 से 29 सितंबर तक पश्चिमी विक्षोभ का असर राज्य में बना रहेगा। उत्तरी जिलों अंबाला, पंचकुला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र आदि में हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में छिटपुट जगहों पर बूंदाबांदी या हल्की बारिश देखने को मिलेगी। 29 सितंबर के बाद बारिश का दौर थमने के साथ ही राज्य में मौसम एक बार फिर खुश्क (Dry) हो जाएगा और आसमान पूरी तरह साफ हो जाएगा। दिन के पारे में गिरावट, रातें होंगी ठंडी… दिन का तापमान : बीते 24 घंटों में प्रदेश में सबसे गर्म फरीदाबाद रहा, जहां पारा 36.7°C दर्ज किया गया। हिसार में 35.5°C, अंबाला में 35.7°C और रोहतक में 33.9°C दर्ज हुआ। आज से शुरू हो रही बारिश के कारण दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी, जिससे तीखी धूप से राहत मिलेगी। रात का तापमान: रात के तापमान में पहले ही गिरावट शुरू हो चुकी है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में 20.0°C रिकॉर्ड किया गया। रोहतक और फरीदाबाद में रात का पारा 26.4°C और हिसार में 23.4°C रहा। बारिश का स्पेल खत्म होने के बाद रात के तापमान में और गिरावट आएगी, जिससे हल्की ठंडक महसूस होगी।