समाचार · हरियाणा
कैथल में परिवार के नाम दर्ज मिले पांच बिजली मीटर:खुद का मकान भी नहीं, सदस्य काट रहे दफ्तरों के चक्कर
कैथल की शुगर मिल कॉलोनी में रहने वाले एक परिवार के नाम पर फैमिली आईडी में में गड़बड़ी के कारण पांच बिजली मीटर लगा दिए गए। शुगर मिल कॉलोनी में रहने वाली सुमन का परिवार पिछले करीब 15 साल से किराए के मकान में रह रहा है, लेकिन फैमिली ID में कथित तौर पर 5 बिजली मीटर दर्ज पाए गए। मामला तब सामने आया जब परिवार के 17 वर्षीय बेटे की करीब 10 दिन पहले सड़क हादसे में मौत हो गई। परिवार आर्थिक सहायता के लिए फार्म भरने पहुंचा तो उन्हें बताया गया कि उनकी फैमिली ID में पांच बिजली मीटर जुड़े हुए हैं और बिजली बिल से संबंधित बड़ी रकम रिकॉर्ड में दिखाई दे रही है। परिवार का खुद का मकान नहीं सुमन का कहना है कि जब उनका खुद का अपना मकान तक नहीं है तो उनके नाम पर पांच बिजली मीटर कहां लगे हैं, यह समझ से बाहर है। परिवार दिहाड़ी मजदूरी करके बच्चों का पालन-पोषण कर रहा है और बेटे की मौत के बाद आर्थिक संकट और बढ़ गया है। परिवार पहले फैमिली ID कार्यालय पहुंचा, जहां से उन्हें बिजली निगम भेज दिया गया। चक्कर काटने के बावजूद समाधान नहीं इसके बाद बिजली निगम के अलग-अलग कमरों के चक्कर काटने के बावजूद समाधान नहीं हुआ। आखिरकार परिवार को ITI के पास स्थित बिजली घर भेजा गया, जहां पांचों मीटर हटाने/रिकॉर्ड दुरुस्त करवाने के लिए शिकायत दी गई। परिवार का कहना है कि एक तरफ 17 साल के बेटे की मौत का दुख, दूसरी तरफ सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। एसडीओ बोले- समाधान करवाया जाएगा इस संबंध में बिजली निगम के एसडीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि ऐसे मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत परफॉर्मा भरकर एडीसी कार्यालय भेजा जाता है, जिसके बाद फैमिली ID में सुधार किया जाता है। उन्होंने कहा कि परिवार की समस्या का जल्द से जल्द समाधान करवा दिया जाएगा।