Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

मुजफ्फरपुर में सड़क हादसे के बाद बढ़ा विवाद, स्कॉर्पियो चालक की पिटाई और वाहन जलाने पर FIR

INT News24 October 2026 at 10:55 am

Scorpio Fire Accident: मुजफ्फरपुर सदर थाना क्षेत्र के मधुबनी फोरलेन स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप हुई भीषण सड़क दुर्घटना के बाद अब मामला तूल पकड़ता जा रहा है. हादसे के बाद स्कॉर्पियो में आग लगाने और उसके चालक की निर्ममता से पिटाई करने के मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है. मझौली खेतल निवासी स्कॉर्पियो मालिक के पिता सुनील कुमार के लिखित आवेदन पर स्थानीय पुलिस ने यह कार्रवाई की है. पुलिस अब दोनों पक्षों के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है.

Crime News: रॉन्ग साइड से आई बाइक से हुई थी टक्कर, चालक वेंटिलेटर पर

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, सुनील कुमार का पुत्र नैतिक कुमार 21 अक्टूबर की रात स्कॉर्पियो से मड़वन स्थित अपनी मौसी के घर जा रहा था. रात करीब 11:30 बजे जब वाहन मादापुर चौबे के पास पहुंचा, तो अचानक रॉन्ग साइड से डिवाइडर पार कर एक बाइक गाड़ी के सामने आ गई, जिससे स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई. आरोप है कि दुर्घटना के बाद उग्र भीड़ ने चालक नैतिक कुमार की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. इसके बाद आक्रोशित लोगों ने स्कॉर्पियो में आग लगा दी, जिससे वाहन जलकर खाक हो गया. सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल नैतिक को एसकेएमसीएच पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है. वर्तमान में वह वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है.

पहले पक्ष की घटना: अगरबत्ती कारोबारी की मौत और मचा था हंगामा

बता दें कि इसी भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार मधुबनी निवासी अगरबत्ती कारोबारी अशोक कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इसके तुरंत बाद स्कॉर्पियो में आग लग गई थी और वाहन धू-धू कर जलने लगा था. घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया था और लोगों ने एनएच को जाम कर दिया था. ग्रामीणों का कहना था कि उस स्थान पर अंडरपास न होने के कारण आए दिन इस तरह के हादसे हो रहे हैं. पुलिस ने मृतक अशोक कुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया था और मामले की जांच में जुटी है. अब दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज होने के बाद पुलिस हर पहलू से इस दर्दनाक घटना की गहन छानबीन कर रही है.

यह भी पढ़ें... मुजफ्फरपुर: स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर में अगरबत्ती कारोबारी की मौत, गाड़ी में लगी भीषण आग