Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

दशहरा में नाच देखकर लौट रहे युवक को चाकू मारा:सड़क पर चलने को लेकर दोस्तों से हुआ विवाद, अंधेरे का फायदा उठाकर किया हमला

INT News24 October 2026 at 10:55 am

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के गंजईडीह में दशहरा उत्सव के दौरान नाच देखने गए युवक पर अज्ञात हमलावर ने चाकू से हमला कर दिया। ग्राम कोटेरा निवासी हनेश्वर भंडारी की पीठ पर दो वार किए गए। गंभीर रूप से घायल युवक को डौंडीलोहारा के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। घटना 22 अक्टूबर की रात करीब 10 से 10:15 बजे के बीच की है। क्रिकेट ग्राउंड के पास हुआ विवाद जानकारी के मुताबिक, हनेश्वर अपने दोस्तों रोशन कुमार भंडारी उर्फ पप्पू, दुष्यंत खरे और खेमन पिस्दा के साथ दशहरा उत्सव में नाच देखने गया था। कार्यक्रम के बाद सभी क्रिकेट ग्राउंड के पास घूम रहे थे। इसी दौरान सड़क पर चलने की बात को लेकर संदीप भंडारी और दुष्यंत खरे के बीच विवाद हो गया। दोनों के बीच गाली-गलौज होने लगी, जिसे देखने के लिए वहां लोगों की भीड़ जुट गई। अंधेरे का फायदा उठाकर पीछे से किया हमला आरोप है कि इसी दौरान भीड़ और अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात हमलावर पीछे से आया और हनेश्वर की पीठ पर चाकू से दो वार कर दिए। हमले में उसकी पीठ से खून बहने लगा। हनेश्वर ने अपने साथी दुष्यंत को बताया कि किसी ने पीछे से चाकू मार दिया है। दुष्यंत ने तत्काल अपने गमछे से घाव को कसकर बांधा, ताकि खून का बहाव कम किया जा सके। इसके बाद साथी घायल युवक को शासकीय अस्पताल डौंडीलोहारा लेकर पहुंचे। गंभीर हालत में राजनांदगांव रेफर डौंडीलोहारा अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने हनेश्वर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री, राजनांदगांव रेफर कर दिया। फिलहाल उसका इलाज जारी है। हमलावर की पहचान और हमले के कारणों को लेकर पुलिस की कार्रवाई से जुड़ी जानकारी उपलब्ध नहीं है।