समाचार · मध्य प्रदेश
कटनी नगर निगम के उपयंत्री संजय मिश्रा सस्पेंड:जर्जर भवन ढहाने के दौरान हुई थी बुजुर्ग की मौत, 26 सितंबर को हुआ था हादसा
कटनी नगर निगम ने जर्जर भवन ढहाने में लापरवाही के मामले में कार्रवाई की है। निगमायुक्त तपस्या परिहार ने वार्ड 27 के उपयंत्री संजय मिश्रा को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई एक बुजुर्ग की मौत के बाद की गई है। शनिवार को नगर निगम से मिली अनुसार, सागर पुलिया के पास एक जर्जर भवन को गिराने के आदेश पहले ही दिए गए थे। इसके बावजूद, उपयंत्री ने समय पर भवन को गिराने या सुरक्षा घेरा बनाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। बीते 26 सितंबर को जर्जर अग्रवाल बिल्डिंग गिरने से प्रेमलाल गड़ारी पाठक वार्ड निवासी एक बुजुर्ग की मलबे में दबकर मौत हो गई थी। उपयंत्री की लापरवाही के कारण ही भवन का एक हिस्सा अचानक ढह गया था। अधिकारियों को नहीं दी थी जानकारी निगमायुक्त ने संजय मिश्रा से जवाब मांगा था, जो संतोषजनक नहीं मिला। जांच में पता चला कि उन्होंने कार्रवाई में देरी की और वरिष्ठ अधिकारियों को सही जानकारी नहीं दी। यह लापरवाही मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियमों का उल्लंघन है, जिससे एक व्यक्ति की जान चली गई। मुख्यालय कटनी रहेगा
जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान उपयंत्री संजय मिश्रा का मुख्यालय नगर पालिक निगम कटनी ही निर्धारित किया गया है। नियमपुस्तिका के अनुसार निलंबन काल में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।