Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

30 हाथियों का झुंड जयसिंहनगर के अमझोर वन परिक्षेत्र पहुंचा:वन विभाग ने मुनादी कर ग्रामीणों को किया सतर्क, लगातार रखी जा रही नजर

INT News24 October 2026 at 10:44 am

शहडोल जिले में जंगली हाथियों का आना-जाना जारी है। ब्यौहारी क्षेत्र के बाद अब 30 से ज्यादा हाथियों का एक झुंड जयसिंहनगर क्षेत्र के अमझोर वन परिक्षेत्र के मसियारी गांव पहुंचा है। यह वही झुंड बताया जा रहा है, जो हाल ही में बांधवगढ़ के जंगलों से निकलकर शहडोल जिले में आया था।

हाथियों की मौजूदगी से आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। वन विभाग के कर्मचारी अलर्ट पर हैं और हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहे हैं।

मसियारी पहुंचने की सूचना के बाद वन विभाग ने गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया है। ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उनके पास नहीं जाने की सलाह दी जा रही है।

विभाग ने अपील की है कि हाथियों को देखने के लिए भीड़ न लगाएं, उन्हें भगाने की कोशिश न करें और जंगल या खेतों में जाते समय सावधानी बरतें। किसी भी जानकारी के लिए तुरंत वन विभाग को बताएं।