समाचार · मध्य प्रदेश
राजगढ़ में दिग्विजय को 10 फीट फूलों की माला पहनाई:सत्य सनातन यात्रा का स्वागत, जिलाध्यक्ष बोले- भाजपा धर्म की आड़ में लोकतंत्र खत्म कर रही
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' शुक्रवार देर शाम करेड़ी से राजगढ़ पहुंची। खुजनेर रोड पर बैंड-बाजों और भगवान श्रीराम की झांकी के साथ यात्रा की जोरदार आगवानी की गई। दिग्विजय सिंह की पत्नी अमृता राय यात्रा में पैदल चल रही थीं, जबकि उनके पीछे दिग्विजय सिंह और कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रियव्रत सिंह चल रहे थे। जिलेभर से बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता और समर्थक इस यात्रा में शामिल हुए। खिलचीपुर नाके पर स्वागत के लिए दो मंच बनाए गए थे, जहां ढोल-नगाड़ों के बीच जेसीबी से 10 फीट लंबी फूलों की विशाल माला पहनाकर दिग्विजय सिंह का स्वागत किया गया। वहीं दूसरी जेसीबी से लोगों पर फूल बरसाए गए। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया भी दिग्विजय सिंह के साथ मौजूद रहे। यहां स्वागत के बाद यात्रा पैदल आगे की ओर बढ़ गई। प्रियव्रत सिंह ने भाजपा पर साधा निशाना स्वागत सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रियव्रत सिंह ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश की आजादी से लेकर भारत को जोड़ने में कांग्रेस का बड़ा योगदान रहा है, लेकिन आज देश के चार बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म के नाम पर राजनीति की जा रही है और सहकारी संस्थाओं व मंडियों के चुनाव टालकर लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है। भजनों का आनंद लेकर होटल पहुंचे दिग्विजय खिलचीपुर नाके के बाद यात्रा पूर्व विधायक बापू सिंह के घर के सामने बने मंच पर पहुंची। यहां दिग्विजय सिंह और प्रियव्रत सिंह ने बैठकर राम भजनों का आनंद लिया। इसके बाद रात करीब 8 बजे यात्रा होटल संस्कृति पहुंची, जहां दिग्विजय सिंह ने रात्रि विश्राम किया। शनिवार सुबह यह यात्रा कालीपीठ के लिए रवाना होगी।