समाचार · झारखंड
Tatanagar Railway Station: टाटानगर स्टेशन की तस्वीर बदलने की तैयारी तेज, 10 प्लेटफॉर्म और नयी फोरलेन सड़क से बदलेगा पूरा सिस्टम

जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास को लेकर चल रहे काम के बीच जुगसलाई से गोलपहाड़ी की ओर जाने वाली फोरलेन सड़क का निर्माण अंतिम चरण में है. रेलवे को उम्मीद है कि जनवरी तक सड़क बनकर तैयार हो जायेगी. इसके बाद इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जायेगा. नयी सड़क शुरू होने के बाद जुगसलाई के प्रदीप मिश्रा चौक से स्टेशन की ओर जाने वाली मौजूदा सड़क को बंद कर दिया जायेगा. इस रास्ते को स्टेशन के पुनर्विकास की योजना में शामिल किया जाना है.
पहले संकटा सिंह पेट्रोल पंप से गोलपहाड़ी तक सड़क बनाने की योजना थी, लेकिन इसमें बदलाव किया गया है. अब सड़क रेल एसपी कार्यालय के पास तक बनायी जा रही है. करीब 1.5 किलोमीटर लंबी इस सड़क को चौड़ा कर फोरलेन बनाया जा रहा है. इससे जुगसलाई और स्टेशन के आसपास यातायात का दबाव कम होने और आवागमन सुगम होने की उम्मीद है. सड़क बनने के बाद स्टेशन के पुनर्विकास से जुड़े काम में भी तेजी आयेगी.
1000 करोड़ रुपये से बदलेगी स्टेशन की तस्वीर
टाटानगर स्टेशन के पुनर्विकास के लिए रेलवे ने करीब 1000 करोड़ रुपये की योजना तैयार की है. इसके पहले चरण में लगभग 283 करोड़ रुपये की लागत से नया स्टेशन भवन बनाया जाना है. वहीं, वंदे भारत ट्रेनों के रखरखाव के लिए करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक कोचिंग डिपो विकसित करने की योजना है.
स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए मौजूदा पांच प्लेटफॉर्म के अलावा पांच नये प्लेटफॉर्म बनाये जायेंगे. इससे प्लेटफॉर्म की संख्या बढ़कर 10 हो जायेगी. इसके साथ ही 16 लिफ्ट और 14 एस्केलेटर लगाने की योजना है, ताकि बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और अन्य यात्रियों को आने-जाने में परेशानी न हो.
दोनों छोर पर बनेंगे आधुनिक स्टेशन भवन
पुनर्विकास योजना के तहत स्टेशन के उत्तरी और दक्षिणी छोर पर बहुमंजिला भवन बनाये जायेंगे. उत्तरी छोर पर जी-प्लस-3 और दक्षिणी छोर पर जी-प्लस-6 भवन विकसित किया जायेगा. दोनों भवनों को एलिवेटेड एयर कॉन्कोर्स से जोड़ा जायेगा. इससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में सुविधा होगी.
स्टेशन के मौजूदा प्रवेश द्वार को दक्षिणी स्टेशन भवन के रूप में विकसित किया जायेगा. यहां फूड कियोस्क, टैक्सी काउंटर, हेल्प डेस्क और बड़ा प्रतीक्षालय जैसी सुविधाएं मिलेंगी. वहीं, बर्मामाइंस की ओर के प्रवेश द्वार को उत्तरी स्टेशन भवन के रूप में विकसित करने की योजना है.
दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के सीनियर डीसीएम के अनुसार, स्टेशन के पुनर्विकास का काम तेज किया गया है. जनवरी तक फोरलेन सड़क तैयार होने के बाद स्टेशन के विस्तार से जुड़े कार्यों को और गति मिलने की उम्मीद है.