sports
IND vs NZ: 45 रन की तूफानी पारी खेलने के बाद वैभव सूर्यवंशी को क्यों किया बाहर? भारत की हार के बाद फैंस ने उठाए सवाल

Vaibhav Sooryavanshi: न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम को 87 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा. इस हार के बाद टीम इंडिया के प्लेइंग-11 चयन पर सवाल उठने लगे हैं. सबसे ज्यादा चर्चा युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को बाहर रखने के फैसले की हो रही है. वैभव ने पिछले यानी तीसरे टी20 में सिर्फ 19 गेंदों पर 45 रन की विस्फोटक पारी खेली थी. इसके बावजूद चौथे मुकाबले में उन्हें मौका नहीं मिला.
तीसरे टी-20 में पावरप्ले में बने थे 118 रन
वैभव ने तीसरे टी20 में अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर भारतीय पारी को तूफानी शुरुआत दिलाई थी. दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआती छह ओवर में 118 रन जोड़कर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पावरप्ले का नया रिकॉर्ड बनाया था. ऐसे प्रदर्शन के बाद चौथे मैच में वैभव को प्लेइंग-11 से बाहर रखने का फैसला फैंस को हैरान कर गया. अब न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की हार के बाद सोशल मीडिया पर कप्तान श्रेयस अय्यर और हेड कोच गौतम गंभीर के फैसले पर सवाल उठ रहे हैं.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ 4th T20I: सैंटनर ने भारत के खिलाफ रचा इतिहास, ईश सोढ़ी का रिकॉर्ड तोड़कर बने नंबर-1
45 रन बनाने के बाद भी वैभव को नहीं मिला मौका
न्यूजीलैंड दौरे पर वैभव सूर्यवंशी ने तीसरे टी20 में अपनी बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा था. उन्होंने महज 19 गेंदों में 45 रन बनाए थे. अभिषेक शर्मा के साथ उनकी ओपनिंग जोड़ी ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर शुरुआत से ही दबाव बना दिया था. भारत ने पावरप्ले में 118 रन बनाकर टी20 इंटरनेशनल का रिकॉर्ड अपने नाम किया.
हालांकि, चौथे टी20 में ईशान किशन की वापसी के बाद वैभव को प्लेइंग-11 से बाहर बैठना पड़ा. ईशान के टीम में आने से ओपनिंग संयोजन भी बदल गया.
फैंस का सवाल है कि पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव को ही बाहर क्यों किया गया? क्या एक अच्छी पारी के बाद भी युवा खिलाड़ी को टीम में अपनी जगह पक्की करने का भरोसा नहीं मिलना चाहिए?
ये भी पढ़ें: सिर्फ 3 प्लेयर्स को BCCI देती है ग्रेड A की सैलरी, जानें किस ग्रेड में है रोहित-कोहली का नाम; देखें पूरी लिस्ट
सोशल मीडिया पर गंभीर और अय्यर के फैसले पर सवाल
भारत की हार के बाद सोशल मीडिया पर वैभव सूर्यवंशी को बाहर रखने के फैसले की आलोचना हो रही है. कई फैंस का मानना है कि तीसरे टी20 में रिकॉर्डतोड़ शुरुआत देने वाली ओपनिंग जोड़ी को बरकरार रखना चाहिए था. कुछ यूजर्स ने यह भी सवाल उठाया कि जब वैभव ने पिछले मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था, तो उन्हें बाहर करने की जरूरत क्यों पड़ी.
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने भी वैभव को मौका नहीं देने पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि वैभव को संजू सैमसन या ईशान किशन की जगह टीम में खिलाया जा सकता था. कैफ के मुताबिक, पिछले मैच में अच्छी पारी खेलने के बाद किसी युवा खिलाड़ी को बाहर बैठाने से उसके आत्मविश्वास पर असर पड़ सकता है.
260 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाई टीम इंडिया
ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए चौथे टी20 में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 259 रन बनाए. ग्लेन फिलिप्स ने 49 गेंदों में 107 रन की विस्फोटक पारी खेली. वहीं माइकल ब्रेसवेल ने सिर्फ 25 गेंदों पर 65 रन ठोककर भारतीय गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ा दीं.
260 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. संजू सैमसन और ईशान किशन पहले ही ओवर में पवेलियन लौट गए. इसके बाद अभिषेक शर्मा भी 27 रन बनाकर आउट हो गए. शुरुआती झटकों से टीम इंडिया उबर नहीं सकी और निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 172 रन ही बना पाई. भारत को 87 रन से हार का सामना करना पड़ा.
ये भी पढ़ें: ICC T20I Rankings: अभिषेक शर्मा बने टी-20 के नंबर-1 बल्लेबाज, ईशान किशन तीसरे पर खिसके, देखें पूरी लिस्ट