Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कार धोते समय करंट लगा, वॉशिंग सेंटर कर्मचारी की मौत:मंदसौर में बचाने पहुंचा पड़ोसी भी झटका लगा; 2 बच्चों का पिता था

INT News24 October 2026 at 10:53 am

मंदसौर जिले के नारायणगढ़ में वॉशिंग सेंटर पर कार धोते समय करंट लगने से 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक सिल्वर रंग की बलेनो कार की सर्विसिंग कर रहा था, तभी अचानक करंट का झटका लगा और वह नीचे गिर पड़ा। उसे बचाने पहुंचे पड़ोसी युवक को भी करंट लगा। इसके बाद बिजली का स्विच बंद कर शमशेर को लोगों की मदद से बाइक पर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना शुक्रवार दोपहर की है जिसका सीसीटीवी फुटेज आज (शनिवार) सामने आया है। शव की पहचान शमशेर पिता सलीम रंगरेज, निवासी नारायणगढ़ के रूप में हुई है। वह ओम गुर्जर और लोकेश उर्फ शेरू के वॉशिंग सेंटर पर काम करता था। मृतक के पिता सलीम मोहम्मद रंगरेज ने बताया कि शमशेर पिछले करीब 4 साल से इसी सेंटर पर काम कर रहा था। शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे वह घर पर खाना खाने आया था। इसके बाद वापस दुकान चला गया, जहां कार धोते समय हादसा हो गया। देखें दो तस्वीरें… पिता बोले- करंट लगते ही नीचे गिरा बेटा

शमशेर के पिता सलीम मोहम्मद रंगरेज ने बताया कि बेटा वॉशिंग सेंटर पर गाड़ी धोने का काम कर रहा था। इसी दौरान उसे अचानक करंट लगा और वह नीचे गिर गया। आसपास के लोग उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। शमशेर के दो बच्चे हैं। शुक्रवार रात शव नारायणगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखवाया गया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

नारायणगढ़ थाना प्रभारी राजेंद्र पंवार ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर करंट लगने से मौत होने की बात सामने आ रही है।