समाचार · मध्य प्रदेश
अशोकनगर में पीडीएस के चावल का अवैध भंडारण:मकान के दो कमरों से 150 से अधिक कट्टे जब्त, आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई
अशोकनगर शहर से कुछ दूर पलकाटोरी गांव में पीडीएस के चावल के अवैध भंडारण का मामला सामने आया है। शुक्रवार रात प्रशासन की टीम ने एक मकान के दो कमरों से 150 से अधिक कट्टे चावल जब्त किए। प्रारंभिक जांच में चावल सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का पाया गया है। मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। किराए के दो कमरों में रखा था चावल जानकारी के अनुसार, ग्राम पलकाटोरी में मंजू पत्नी राम अवतार जाटव के मकान में मोंटी पुत्र अशोक जैन ने कमरे किराए पर ले रखे हैं। इन्हीं में से दो कमरों में बड़ी मात्रा में चावल रखा हुआ था। प्रशासन को यहां पीडीएस के चावल के अवैध भंडारण की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और जांच की। जांच के बाद चावल जब्त मौके पर जिला आपूर्ति अधिकारी (डीएसओ), नागरिक आपूर्ति निगम (नान) और वेयरहाउस के अधिकारियों ने चावल का परीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में चावल पीडीएस का पाया गया। इसके बाद अधिकारियों ने 150 से अधिक कट्टे चावल जब्त कर लिए। चावल कहां से आया, जांच जारी फिलहाल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। चावल कहां से लाया गया था और इसे किस उद्देश्य से भंडारित किया गया था, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।