समाचार · मध्य प्रदेश
रास्ता रोककर युवक को गोली मारी, मौत:भिंड में कहासुनी के बाद हमला; 18 साल के लड़के के गले पर किया फायर
भिंड के गोरमी थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में शुक्रवार रात करीब 8 बजे 18 वर्षीय निक्की पंडित की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गांव की ओर जाते समय रास्ते में उसका कुछ लोगों से विवाद हो गया। इसी दौरान दो आरोपियों ने कट्टे से फायर कर दिया। गोली निक्की के गले में लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। रास्ते में रोककर किया फायर
जानकारी के अनुसार, मोहनपुर गांव निवासी निक्की पंडित का कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। शुक्रवार रात करीब 8 बजे वह गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोग उसके सामने आ गए। किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर दो लोगों ने कट्टे से फायर कर दिया। गोली सीधे निक्की के गले में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
गोली चलने की सूचना मिलते ही गोरमी थाना प्रभारी आशुतोष शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। वारदात के बाद फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस विवाद की वजह और हत्या के पीछे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।