Friday, 30 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

पूर्व-सांसद की गाड़ी को 2 रेत डंपरों ने कट मारा:केपी यादव निशई घाट में अफसरों से बोले- अवैध रेत निकालने की शिकायत CM से करूंगा

INT News30 October 2026 at 09:57 pm

अशोकनगर जिले के मुंगावली इलाके में शुक्रवार दोपहर साढ़े 3 बजे पूर्व सांसद और राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष केपी यादव की गाड़ी को 2 मिनट में रेत से भरे दो डंपरों ने कट मारा। इसके बाद पूर्व सांसद ने पीछा करके डंपरों को रुकवाया और ड्राइवर्स से पूछताछ की। रेत बेतवा नदी से लाए जाने की बात पता चलते ही वे सीधे निशई घाट पहुंच गए। वहां नावों और जेसीबी मशीनों से धड़ल्ले से रेत निकाली जा रही थी। पूर्व सांसद ने अफसरों को मौके पर बुलाया और करीब पांच घंटे तक घाट पर डटे रहे। डंपर के कट मारने पर हुआ शक पूर्व सांसद केपी यादव मल्हारगढ़ स्थित लक्ष्मीनाथ मंदिर के दर्शन करके मुंगावली लौट रहे थे। रास्ते में पहले एक और फिर कुछ देर बाद दूसरे रेत से भरे डंपर ने उनकी गाड़ी को कट मार दिया। इस पर यादव ने अपनी गाड़ी आगे अड़ाकर डंपरों को रुकवा लिया। जब ड्राइवर से पूछताछ की, तो उसने बेतवा नदी से अवैध रेत लाने की बात कबूल की। इसके बाद पूर्व सांसद सीधे निशई घाट पहुंच गए। अफसरों को फटकारा, सीएम से शिकायत की चेतावनी घाट पर अवैध खनन का खेल देखकर केपी यादव ने प्रशासनिक अफसरों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने मौके पर पहुंचे अफसरों से साफ कहा कि मैंने अपना फर्ज निभाकर जानकारी दे दी है, अब देखना यह है कि आप कार्रवाई करते हैं या मिलीभगत से इसे चलने देते हैं। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि इस मामले में किसी को बख्शा नहीं जाएगा और वे इसकी एक-एक जानकारी मुख्यमंत्री को देंगे, क्योंकि इससे सरकार की बदनामी हो रही है। पांच घंटे तक घाट पर डटे रहे पूर्व सांसद पूर्व सांसद के घाट पर पहुंचते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मुंगावली एसडीएम बृज बिहारी लाल श्रीवास्तव, माइनिंग अफसर और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। केपी यादव करीब पांच घंटे तक घाट पर ही मौजूद रहकर कार्रवाई करवाते रहे।