समाचार · पंजाब
लुधियाना में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर का कहर:पहले स्विफ्ट को मारी टक्कर, फिर बहन के घर से लौट रहे बाइक सवार को रौंदा; मौत, CCTV आया सामने
लुधियाना में तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला सामने आया है। ईश्वर नगर पुल के पास एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार के चालक ने सड़क पर जमकर हुड़दंग मचाया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि फॉर्च्यूनर चालक बेहद तेज रफ्तार (रैश ड्राइविंग) में गाड़ी चला रहा था। उसने पहले आगे चल रही एक स्विफ्ट कार को पीछे से जोरदार टक्कर मारी और फिर बिना रुके आगे जा रहे एक बाइक सवार को टक्कर मारकर बुरी तरह रौंद दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान वरिंदर सिंह उर्फ गोगी के रूप में हुई है। थाना सदर की पुलिस ने मृतक के पिता के बयानों पर आरोपी फॉर्च्यूनर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बहन के घर से मिलकर लौट रहे थे पिता-पुत्र पुलिस को दी शिकायत में गुरु नानक कॉलोनी निवासी रणजीत सिंह ने बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करते हैं। वह अपने बेटे वरिंदर सिंह उर्फ गोगी के साथ बजाज प्लेटिना बाइक पर सवार होकर अपने दामाद कृतपाल सिंह के घर गांव साएयां कलां गए थे। वहां से सभी लोग गली नंबर 2, ब्लॉक-सी, ईश्वर नगर में रहने वाली अपनी बेटी (वरिंदर की बहन) के घर पहुंचे। बहन के घर कुछ देर रुकने के बाद जब सभी वापस लौटने लगे तो वरिंदर अपनी बाइक पर अकेला आगे चल रहा था जबकि पिता रणजीत सिंह अपने दामाद की बाइक पर उसके पीछे आ रहे थे।
CCTV में कैद हुआ हादसा: बिना हॉर्न बजाए मारी जोरदार टक्कर दोपहर करीब 3:45 से 4:00 बजे के बीच जैसे ही वे ईश्वर नगर पुल से थोड़ा आगे पहुंचे पीछे से सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से आई। CCTV फुटेज में दिखाई दिया कि फॉर्च्यूनर चालक ने पहले एक अन्य स्विफ्ट कार को पीछे से हिट किया और फिर बिना कोई हॉर्न दिए आगे चल रहे वरिंदर सिंह की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि वरिंदर सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं। उसकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित हादसे के तुरंत बाद परिजन और राहगीर वरिंदर को 108 एम्बुलेंस के जरिए गंभीर हालत में एसपीएस (SPS) अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवा दिया है। आरोपी चालक पर BNS की धाराओं के तहत FIR दर्ज जांच के दौरान फॉर्च्यूनर चालक की पहचान बलजीत सिंह उर्फ बल्लू, निवासी 525 अमलतास एन्क्लेव लुधियाना के रूप में हुई है। पुलिस चौकी मराडो थाना सदर के जांच अधिकारी HC हरदीप सिंह ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बलजीत सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 106 और 324(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अगली कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।