समाचार · उत्तर प्रदेश
बीमार दोस्त को दवा दिलाने निकले 4 यार: रास्ते में थम गईं 3 सांसें, बदायूं में तीन परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

UP Road Accident (पवन तोमर): उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में दोस्ती को झकझोर देने वाला दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. बिसौली थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बीमार दोस्त को दवा दिलाने जा रहे चार युवकों की बाइक को प्राइवेट स्कूल बस ने टक्कर मार दी. हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चौथा गंभीर रूप से घायल है. उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है. घटना के बाद हत्सा गांव में मातम पसरा है.
बीमार दोस्त को दवा दिलाने जा रहे थे चारों युवक
मिली जानकारी के मुताबिक, हत्सा गांव के चार दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर बीमार साथी को दवा दिलाने बिसौली जा रहे थे. बताया जा रहा है कि शिव की तबीयत खराब थी. उसके तीन दोस्त निखिल, रोहन और ऋषभ उसे दवा दिलाने के लिए साथ निकले थे. लेकिन मदनजुड़ी गांव के पास हाईवे पर उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई.
बस की टक्कर से तीन दोस्तों की मौत
बताया गया है कि एक प्राइवेट स्कूल बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), बिसौली पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान निखिल (19), रोहन (20) और ऋषभ (18) के रूप में हुई है. तीनों हत्सा गांव के रहने वाले थे. दी गई जानकारी के अनुसार, मृतकों में दो चचेरे भाई भी बताए जा रहे हैं.
गंभीर घायल शिव को जिला अस्पताल किया गया रेफर
हादसे में घायल चौथे युवक शिव (18) की हालत गंभीर बताई गई है. प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल, बदायूं रेफर कर दिया गया. जिस दोस्त को दवा दिलाने के लिए तीनों युवक निकले थे, वही हादसे में घायल हो गया. घटना की खबर गांव पहुंचते ही परिवारों में कोहराम मच गया.
बस जब्त, चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल स्कूल बस को कब्जे में ले लिया है. बताया जा रहा है कि बस चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया. एएसपी ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया के मुताबिक, तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस हादसे ने हत्सा गांव के तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है. जिस सफर पर चार दोस्त एक साथी के इलाज के लिए निकले थे, वह तीन परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दुख बन गया.
यह भी पढ़ें: प्रयागराज एयरपोर्ट पर उतर सकेंगे Boeing 777 और Airbus A350 जैसे बड़े विमान, 600 मीटर बढ़ेगा रनवे