समाचार · मध्य प्रदेश
मुरैना में युवक की मौत के बाद हंगामा तोड़फोड़:गुस्साए परिजनों ने एंबुलेंस पर पत्थर फेंके, कांच टूटे; पुलिस ने 4 लोगों को पकड़ा
मुरैना के जौरा में रविवार को मुंशी गुर्जर की इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे नाराज परिजनों ने थाने के सामने शव ले जा रही एंबुलेंस रोक दी। वे आरोपियों की गिरफ्तारी और केस में धाराएं बढ़ाने की मांग कर रहे थे। इस दौरान एंबुलेंस पर पत्थर फेंके, जिससे उसके कांच टूट गए। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। 14 अक्टूबर को हुआ था विवाद 14 अक्टूबर को जौरा थाना क्षेत्र के चांचुल गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर एक-दूसरे के खिलाफ केस दर्ज किया था। इस विवाद में मुंशी गुर्जर घायल हो गए थे। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था। रविवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद परिजन एंबुलेंस से शव लेकर गांव जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने जौरा थाने के सामने एंबुलेंस रोक दी। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ केस में धाराएं बढ़ाने की मांग कर रहे थे। इसी बात को लेकर कुछ लोगों ने एंबुलेंस पर पत्थर फेंके। इससे उसके कांच टूट गए और मौके पर हंगामा होने लगा। पुलिस ने कुछ लोगों को पकड़ा SDOP मोहित यादव ने बताया कि एंबुलेंस पर पथराव मृतक के परिजनों ने ही किया था। हंगामा करने वाले कुछ लोगों को पकड़ा है। अन्य लोगों के साथ शव को गांव के लिए रवाना कर दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।