Monday, 9 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

पुलिस लाइन में छलके आंसू, 19 साल के घोड़ा को सलामी देकर दी गई अंतिम विदाई, कुंभ मेले से गोरखनाथ मंदिर तक निभाई थी ड्यूटी

INT News9 November 2026 at 09:44 pm

Gorakhpur Police: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सोमवार को पुलिस लाइन का माहौल गमगीन हो गया. पुलिस विभाग के अश्व दल का हिस्सा रहे वफादार अश्व 'योद्धा' का निधन हो गया. करीब 19 साल का जीवन पूरा करने वाले इस जांबाज साथी को पुलिसकर्मियों ने पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी. इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों की आंखें नम हो गईं.

पुलिस अधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

अश्व 'योद्धा' के निधन के बाद पुलिस लाइन परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने पुष्प अर्पित कर उसे श्रद्धांजलि दी. पुलिस अधीक्षक उत्तरी, सहायक पुलिस अधीक्षक, प्रतिसार निरीक्षक समेत घुड़सवार पुलिस दल के अन्य सदस्य और कर्मचारी भी मौजूद रहे. इस दौरान सभी ने 'योद्धा' की सेवाओं, वफादारी और समर्पण को याद किया. वर्षों तक पुलिसकर्मियों के साथ ड्यूटी निभाने वाले इस मूक साथी की विदाई ने पूरे पुलिस परिवार को भावुक कर दिया.

प्रयागराज कुंभ से गोरखनाथ मंदिर तक निभाई जिम्मेदारी

एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि अश्व 'योद्धा' को वर्ष 2013 में गोरखपुर पुलिस के अश्व दल में शामिल किया गया था. इसके बाद उसने करीब 13 वर्षों तक पुलिस विभाग की विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं. अपने सेवाकाल के दौरान 'योद्धा' ने प्रयागराज कुंभ मेले जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में पुलिस व्यवस्था का हिस्सा बनकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इसके अलावा श्री गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा और वीआईपी व वीवीआईपी ड्यूटी में भी उसने अपनी सेवाएं दीं.

भीड़ नियंत्रण और बड़े आयोजनों में रहा अहम योगदान

पुलिस विभाग के अश्व दल की भूमिका बड़े आयोजनों में काफी महत्वपूर्ण होती है. भीड़ नियंत्रण से लेकर सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने तक घुड़सवार पुलिस की अहम जिम्मेदारी होती है. 'योद्धा' ने भी अपने सेवाकाल में इन जिम्मेदारियों को पूरी मुस्तैदी से निभाया.

19 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

करीब 19 साल का जीवन पूरा करने के बाद अश्व 'योद्धा' ने दुनिया को अलविदा कह दिया. हालांकि, पुलिस विभाग में उसकी सेवाओं और वफादारी को लंबे समय तक याद किया जाएगा. वर्षों तक जवानों के साथ कदमताल करने वाले इस मूक साथी की विदाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वफादारी और समर्पण का रिश्ता सिर्फ इंसानों तक सीमित नहीं होता.

Also Read : कौन थे श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी? निधन की खबर मिलते ही देवरिया पहुंचे CM योगी, जानिए पूरा राजनीतिक सफर