sports
बांग्लादेश की वेस्टइंडीज से सीरीज हार ने बदला WTC का समीकरण, जानें किस पायदान पर है टीम इंडिया

WTC Points Table: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 की अंक तालिका में एक बार फिर बदलाव देखने को मिला है. बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खत्म होने के बाद टीम इंडिया को फायदा हुआ है, जबकि बांग्लादेश को बड़ा झटका लगा है. वेस्टइंडीज ने यह सीरीज 1-0 से अपने नाम की. ढाका में खेले गए पहले टेस्ट में मेहमान टीम ने बांग्लादेश को 8 विकेट से हराया था, जबकि सिलहट में हुआ दूसरा मुकाबला ड्रॉ रहा. इस नतीजे के बाद भारतीय टीम चौथे स्थान पर बनी हुई है. वहीं, बांग्लादेश के प्रतिशत अंकों में गिरावट आई है.
WTC Points Table में चौथे नंबर पर है भारत
बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच पहले टेस्ट में मेजबान टीम की हार का सीधा फायदा भारत को मिला था. टीम इंडिया अंक तालिका में पांचवें स्थान से चौथे पायदान पर पहुंच गई थी. इसके बाद दूसरे टेस्ट के ड्रॉ होने से भारत की स्थिति और मजबूत हो गई है.
भारतीय टीम फिलहाल 51.52 प्रतिशत अंकों (PCT) के साथ चौथे स्थान पर है. वहीं, बांग्लादेश के लिए यह सीरीज निराशाजनक रही. पहले टेस्ट में हार के बाद टीम को दूसरे मुकाबले में जीत की जरूरत थी, लेकिन ड्रॉ के कारण उसके अंकों में और गिरावट आ गई.
ये भी पढ़ें: BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास पर FIR की नौबत क्यों आई? जन्मतिथि विवाद में कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला
बांग्लादेश का PCT गिरा, वेस्टइंडीज को मामूली फायदा
सिलहट टेस्ट से पहले बांग्लादेश के खाते में 47.62 प्रतिशत अंक थे और वह अंक तालिका में चौथे स्थान पर था. लेकिन दूसरा टेस्ट ड्रॉ होने के बाद उसका PCT घटकर 45.83 हो गया. इसके साथ ही टीम को भारत से पीछे रहना पड़ा.
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) अंक तालिका
दूसरी ओर, वेस्टइंडीज को सीरीज जीतने का फायदा मिला है. दूसरे टेस्ट से पहले टीम के 26.92 प्रतिशत अंक थे और वह आठवें स्थान पर थी. अब उसका PCT बढ़कर 27.38 हो गया है.
ये भी पढ़ें: Ranji Trophy 2026-27: रायपुर से कहां शिफ्ट हुए छत्तीसगढ़ के रणजी मैच? NGT के आदेश से बदला वेन्यू
न्यूजीलैंड पहले स्थान पर काबिज
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की मौजूदा अंक तालिका में न्यूजीलैंड शीर्ष स्थान पर बना हुआ है. कीवी टीम के खाते में 72.22 प्रतिशत अंक हैं. वहीं, भारत 51.52 प्रतिशत अंकों के साथ चौथे स्थान पर है.
इस तरह बांग्लादेश के खिलाफ वेस्टइंडीज की सीरीज जीत से भारतीय टीम को अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने का मौका मिला है. हालांकि, WTC फाइनल की दौड़ अभी लंबी है और आने वाले टेस्ट मुकाबलों के नतीजे टीमों की स्थिति में बदलाव कर सकते हैं.
खराब रोशनी के कारण ड्रॉ हुआ दूसरा टेस्ट
बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच सिलहट में खेला गया दूसरा टेस्ट रोमांचक स्थिति में पहुंचने के बावजूद ड्रॉ पर समाप्त हुआ. मैच के आखिरी दिन बांग्लादेश को जीत के लिए 369 रन बनाने थे. टीम ने 59 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 184 रन बना लिए थे. हालांकि, खराब रोशनी के कारण खेल रोकना पड़ा और दोबारा मुकाबला शुरू नहीं हो सका. आखिरकार मैच ड्रॉ घोषित कर दिया गया.
ये भी पढ़ें: ICC Test Rankings: स्टार्क बने दुनिया के नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज, बुमराह टॉप-5 में बरकरार; देखें टॉप-10 की लिस्ट