Monday, 9 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

राहुल गांधी ने 2018 में किन दो चीनी मंत्रियों से की थी मुलाकात? BJP सांसद निशिकांत दुबे ने उठाए सवाल

INT News9 November 2026 at 10:27 pm

निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर राहुल गांधी से कई सवाल पूछे. उन्होंने लिखा, "राहुल गांधी जी, जब 2018 में आप कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर गए थे, तब आपकी मुलाकात किन दो चीनी मंत्रियों से हुई थी? जब किसी भारतीय सांसद को कैलाश मानसरोवर जाने की अनुमति नहीं मिलती, तो आपको इसकी इजाजत कैसे मिली?"

बीजेपी सांसद ने कांग्रेस और चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (CPC) के बीच 2008 में हुए समझौते का भी जिक्र किया. उन्होंने पूछा कि इस समझौते के तहत 2018 तक कांग्रेस ने एक्सचेंज प्रोग्राम के जरिए कितने लोगों को चीन भेजा था. उन 200 लोगों के नाम और पते भी सार्वजनिक करने की मांग की.

दुबे ने सवाल किया कि राहुल गांधी की चीनी मंत्रियों से मुलाकात किसने कराई थी? वे कौन से मंत्री थे और मुलाकात कहां हुई थी? इस दौरान किन मुद्दों पर बातचीत हुई थी? क्या राहुल गांधी ने इन मुलाकातों की जानकारी विदेश मंत्रालय या चीन में भारतीय दूतावास को दी थी?

उन्होंने यह भी पूछा कि राहुल गांधी ने शुरुआत में अपनी यात्रा को निजी और धार्मिक बताया था, लेकिन बाद में चीनी मंत्रियों से मुलाकात की बात क्यों स्वीकार की?

राहुल गांधी ने 2019 में मुलाकात की बात मानी थी

निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी के 2019 में भुवनेश्वर में टाउनहॉल कार्यक्रम के दौरान दिए गए बयान का भी जिक्र किया. दुबे के मुताबिक, राहुल गांधी ने उस दौरान कहा था कि उन्होंने चीन के दो मंत्रियों से रोजगार सृजन के मुद्दे पर बातचीत की थी.

बीजेपी सांसद ने कहा कि यह मामला इसलिए भी अहम है, क्योंकि विदेश मंत्रालय ने जून 2018 में स्पष्ट किया था कि उसे तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र की यात्रा के लिए राहुल गांधी की ओर से कोई औपचारिक अनुरोध नहीं मिला था. न तो सरकार के माध्यम से और न ही निजी यात्रा के लिए ऐसा कोई आवेदन किया गया था.

दुबे ने कहा कि भारत और चीन के रिश्ते रणनीतिक, कूटनीतिक और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मुद्दे हैं. ऐसे में किसी बड़े भारतीय राजनीतिक नेता की चीनी सरकार के प्रतिनिधियों से मुलाकात की सार्वजनिक जांच होना जरूरी है. उन्होंने कहा कि विदेशी सरकारों के साथ बातचीत का ब्योरा देना राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि जवाबदेही और राष्ट्रीय हित का मामला है.

12 दिन की कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए थे राहुल

राहुल गांधी अगस्त 2018 में कांग्रेस अध्यक्ष थे. इसी दौरान 31 अगस्त को वे नेपाल के रास्ते 12 दिनों की कैलाश मानसरोवर यात्रा पर रवाना हुए थे.

यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने इसे लेकर खुशी जाहिर की थी. उन्होंने लिखा था, "इंसान कैलाश तभी जाता है, जब कैलाश उसे बुलाता है."

मानसरोवर झील के पानी की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा था कि झील का पानी बेहद शांत और सौम्य है. यह सबको देता है, लेकिन बदले में कुछ नहीं मांगता. यहां कोई भी आकर इसका पानी पी सकता है. यहां नफरत नहीं है. इसी वजह से भारत में इन जलधाराओं की पूजा की जाती है.

राहुल गांधी की इस यात्रा को लेकर बीजेपी पहले भी सवाल उठाती रही है और कांग्रेस नेता से सफाई मांगती रही है.

ये भी पढ़ें: PM मोदी के 'दिमागी नक्सली' बयान पर राहुल गांधी ने फिर दी खुली डिबेट की चुनौती, कहा- 'कोई भी समय, किसी भी जगह आएं'