समाचार · मध्य प्रदेश
6 जिंदा जले, आधा पानी लेकर देरी से पहुंची दमकल:प्रत्यक्षर्शी- एंबुलेंस में ऑक्सीजन होती तो बच सकती थी एक जान, कल बेटी-पोती का अंतिम संस्कार
दीपावली की रात करीब 12 बजे तक जिस घर में खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां कुछ ही घंटों बाद मातम छा गया। सिवनी जिले के छपारा के महावीर वार्ड स्थित जैन मोहल्ले में सोमवार तड़के करीब 3 बजे सर्राफा व्यापारी कुंदन लाल सोनी के तीन मंजिला मकान में आग लग गई। हादसे के समय घर में परिवार के 10 सदस्य मौजूद थे। इनमें से 4 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 6 की मौत हो गई। मृतकों में 75 वर्षीय कुंदन लाल सोनी, उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और 16 वर्षीय आदित्य सोनी शामिल हैं। स्वास्थ्य अधिकारी के मुताबिक चार लोगों की मौत दम घुटने और दो की आग में झुलसने से हुई। हादसे के बाद दमकल और एंबुलेंस की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद दमकल मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल आदित्य को अस्पताल ले जाने वाली एंबुलेंस में पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं थी। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि समय पर ऑक्सीजन और उपचार मिलता तो आदित्य की जान बच सकती थी। रात में मनाई खुशियां, सुबह मच गई चीख-पुकार पड़ोसी श्रुति गुप्ता ने बताया कि दीपावली की रात कुंदन लाल सोनी का परिवार खुसी से त्यौहार मना रहा था। सभी ने दीपक जलाए, पटाखे फोड़े। घर में देर रात तक उत्साह का माहौल था, लेकिन सुबह करीब 4 जो घर दीपकों की रोशनी से जगमगा रहा था, वो आग की लपटों में सिमट गया। चीख पुकार मच गई।
तीन मंजिला मकान में तेजी से फैली आग, घर में लगे थे कई ताले जालियां श्रुति गुप्ता ने आगे बताया कि मकान में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार के सदस्यों को संभलने और बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिला। मकान के कई कमरों में ताले लगे होने की बात भी सामने आई है। आग और धुएं के कारण परिवार के सदस्य घर में ही फंस गए। वहीं एसपी कृष्ण लालचंदानी ने कहा, घर में एक ही एग्जिट था। कुंदन लाल जी सर्राफा व्यापारी थे इसलिए उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से घर के पिछले और अन्य हिस्सों में जालियां लगा रखी थीं इसलिए रेक्स्यू ऑपरेशन में कठिनाई का सामना करना पड़ा। जालियां तोड़ कर अंदर जाना पड़ा। स्थानीय बोले- आधे घंटे बाद पहुंची दमकल, पानी भी आधा था प्रत्यक्षदर्शी पर्व जैन, हर्ष जैन, तनिष जैन और श्रेयांश गुप्ता सहित अन्य युवकों ने बताया कि आग श़ॉर्टसर्किट की वजह से लगी। आग तेजी से फैल गई, इसकी सूचना देने के बाद दमकल वाहन करीब आधे घंटे की देरी से पहुंचा। उसमें भी आधा ही पानी था। इसके करीब एक घंटे बाद लखनादौन और सिवनी से दमकल की गाड़ियां आईं। इस दौरान हम सभी ने अपने स्तर पर आग बुझाने और मकान में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। मौके पर बचाव कार्य करने वाले युवाओं के मुताबिक, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि मकान के अंदर पहुंचना मुश्किल हो रहा था। उनका आरोप है कि दमकल के समय पर पहुंचने और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध होने से बचाव कार्य में मदद मिल सकती थी। हालांकि, नगर पालिका की मुख्य नगर पालिका अधिकारी गीता वाल्मीकि का कहना है कि दमकल वाहन समय पर घटनास्थल पहुंच गया था। दमकल के पहुंचने के समय को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों और नगर पालिका के दावों में अंतर है। एंबुलेंस में ऑक्सीजन नहीं होने का आरोप, 16 साल के आदित्य की मौत इस हादसे में एंबुलेंस की व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं। प्रत्यक्षदर्शी पर्व जैन ने कहा कि गंभीर रूप से घायल 16 वर्षीय आदित्य सोनी को जिस एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, उसमें पर्याप्त ऑक्सीजन की व्यवस्था नहीं थी। अन्य जरूरी उपकरण भी नहीं थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध होता और समय पर उचित उपचार मिल जाता तो आदित्य की जान बचाई जा सकती थी। हालांकि, आदित्य की मौत का वास्तविक चिकित्सकीय कारण अभी स्पष्ट होना बाकी है। खंड चिकित्सा अधिकारी तामसिंग इनवाती ने बताया कि छह मृतकों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जलने से कम और दम घुटने से अधिक मौतें हुई हैं। एंबुलेंस का संचालन निजी कंपनी करती है। मामले की जांच कराई जाएगी। छपारा नगर परिषद के पास सिर्फ एक दमकल वाहन इस हादसे के बाद छपारा की अग्निशमन व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। वर्तमान में नगर परिषद के पास सिर्फ एक दमकल वाहन है। सवाल यह है कि यदि नगर में एक साथ बड़ा अग्निकांड हो जाए तो क्या एक दमकल वाहन पर्याप्त है? क्या वाहन में पानी और जरूरी संसाधन उपलब्ध रहते हैं? क्या रात के समय पर्याप्त फायरकर्मी तैनात रहते हैं? दमकल के घटनास्थल पहुंचने के वास्तविक समय और बचाव कार्य में उपलब्ध संसाधनों की स्थिति की जांच जरूरी है। 4 बचे सदस्य सदमे में, परिवार के 6 सदस्यों की मौत इस अग्निकांड में कुंदन लाल सोनी (75), राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) की मौत हो गई। वहीं, अमायरा सोनी (7), रितेश सोनी (45), सौरभ सोनी (43) और आकर्ष सोनी (14) को मकान से बाहर निकालकर बचाया गया। हादसे में घायल चारों लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत से रिश्तेदार और परिचित सदमे में हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। कुंदन लाल सोनी, राजकुमारी सोनी, स्मृति सोनी और सूर्या सोनी का अंतिम संस्कार किया जा चुका है। ऋतु सोनी और किशोर आदित्य सोनी का अंतिम संस्कार आज किया जाएगा। ऋतु कुंदन सोनी की बेटी थी जो अपने बेटे किशोर के साथ दीवाली मनाने इंदौर से मायके आई हुई थी। CM ने फोन पर जताया दुख, 24 लाख रुपए की सहायता घोषित घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अंजू अरुण कुमार, पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी और स्थानीय विधायक दिनेश राय मुनमुन सहित प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। विधायक दिनेश राय मुनमुन ने मृतक कुंदन लाल सोनी के बेटे सौरभ सोनी की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से फोन पर बात कराई। मुख्यमंत्री ने घटना पर दुख जताते हुए शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से प्रत्येक मृतक के लिए 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। इस तरह छह मृतकों के लिए कुल 24 लाख रुपए की सहायता घोषित की गई है। कलेक्टर ने न्यायिक जांच की बात कही, शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका कलेक्टर अंजू अरुण कुमार ने पूरे घटनाक्रम की न्यायिक जांच कराने की बात कही है। वहीं, पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के अनुसार आग लगने की प्रारंभिक वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है। वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।